Connect with us

जौनपुर

स्वच्छता अभियान में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, जिम्मेदारों पर होगी कार्रवाई: डीएम

Published

on

Loading...
Loading...

डीएम ने स्वच्छ भारत मिशन की समीक्षा कर दिए सख्त निर्देश, घर-घर कूड़ा संग्रहण पर जोर

ओडीएफ की स्थिति बनाए रखने और रिसोर्स रिकवरी सेंटर के प्रभावी संचालन के निर्देश

जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) की समीक्षा करते हुए स्पष्ट कहा कि स्वच्छता अभियान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वच्छता को जनआंदोलन बनाते हुए पूरी जिम्मेदारी और गंभीरता से कार्य करें।

कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला स्वच्छता समिति की बैठक में जिलाधिकारी ने व्यक्तिगत एवं सामुदायिक शौचालयों की स्थिति, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन (एसएलडब्ल्यूएम), प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन तथा रिसोर्स रिकवरी सेंटर (आरआरसी) की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की।

बैठक में उन्होंने सभी ग्राम पंचायतों में निर्धारित रोस्टर के अनुसार नियमित घर-घर कूड़ा संग्रहण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। साथ ही प्रत्येक रिसोर्स रिकवरी सेंटर का प्रभावी संचालन कर ठोस कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ वातावरण बनाए रखने पर जोर दिया।

Advertisement

डीएम ने खुले में शौच मुक्त (ओडीएफ) की स्थिति को स्थायी बनाए रखने के लिए सभी खंड विकास अधिकारियों और सहायक विकास अधिकारियों (पंचायत) को निर्देशित किया कि ग्राम सचिवों एवं सफाई कर्मचारियों के माध्यम से प्रतिदिन सुबह-शाम निगरानी कराई जाए। साथ ही ग्रामीणों को शौचालयों के नियमित उपयोग और स्वच्छता के प्रति लगातार जागरूक किया जाए।

उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन की सफलता प्रशासन और आमजन की साझी भागीदारी से ही संभव है। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने कार्यों की प्रगति से जिलाधिकारी को अवगत कराया।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page