भदोही
पूर्व विधायक के करीबी पर बेनामी संपत्ति का आरोप, डीएम से जांच की मांग
पूर्व मंत्री राम किशोर बिंद ने सौंपा शिकायत पत्र, सरकारी भूमि पर कब्जे के प्रयास का भी लगाया आरोप
बेनामी संपत्ति अधिनियम के तहत जांच कर संपत्तियां कुर्क करने और बैंक ऋण प्रक्रिया की जांच की उठाई मांग
ज्ञानपुर (भदोही)। पूर्व मंत्री राम किशोर बिंद ने ज्ञानपुर के पूर्व विधायक के करीबी नंदलाल पांडेय पर बेनामी संपत्ति अर्जित करने और सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे का प्रयास करने का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपा है। उन्होंने पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच कराकर दोषी पाए जाने पर संपत्तियां कुर्क करने की मांग की है।
शिकायत पत्र में आरोप लगाया गया है कि नंदलाल पांडेय विभिन्न आपराधिक मामलों में सहआरोपी रहे हैं। आरोप है कि मौजा पूरेटीका स्थित जलमग्न भूमि “जमन-15” की 874 वर्गफुट भूमि का विक्रय विलेख 23 जनवरी 2025 को उनके पुत्र के नाम कराया गया और उसी के आधार पर 2665 वर्गफुट भूमि पर कब्जे का प्रयास किया जा रहा है।
पूर्व मंत्री ने शिकायत में भारतीय स्टेट बैंक, गोपीगंज के तत्कालीन शाखा प्रबंधक की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए ऋण स्वीकृति और नीलामी प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उनका आरोप है कि नंदलाल पांडेय ने अपनी पत्नी के नाम पर भी कई संपत्तियां खरीदी हैं।
शिकायतकर्ता ने जिलाधिकारी से अनुरोध किया है कि मामले की जांच बेनामी संपत्ति लेनदेन (प्रतिषेध) अधिनियम, 1988 के तहत कराई जाए तथा आरोप सिद्ध होने पर संबंधित संपत्तियों को कुर्क करने सहित नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
