भदोही
टोल बचाने की होड़ से ज्ञानपुर रोड पर बढ़े हादसे, केंद्रीय मंत्री से हस्तक्षेप की मांग
भारी वाहनों के डायवर्जन से सड़कें जर्जर, बाजारों में जाम और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ा
समाजसेवी राहुल सिंह ने नितिन गडकरी को पत्र लिखकर सीसीटीवी लगाने और भारी वाहनों पर रोक की मांग की
ज्ञानपुर (भदोही)। राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित लाला नगर टोल प्लाजा से बचने के लिए भारी वाहनों के वैकल्पिक मार्ग अपनाने से ज्ञानपुर-असनाव-बभनौटी मार्ग पर सड़क हादसों और जाम की समस्या गंभीर होती जा रही है। इस मुद्दे को लेकर समाजसेवी राहुल सिंह ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को पत्र भेजकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।
पत्र में कहा गया है कि टोल शुल्क बचाने के लिए मालवाहक वाहन ज्ञानपुर, असनाव और बभनौटी बाजारों से होकर गुजर रहे हैं। इससे सड़कें तेजी से क्षतिग्रस्त हो रही हैं, बाजारों में घंटों जाम लग रहा है और आए दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिनमें लोगों की जान भी जा रही है।
राहुल सिंह ने मांग की है कि ज्ञानपुर-असनाव-बभनौटी मार्ग पर भारी वाहनों के आवागमन पर तत्काल प्रतिबंध लगाया जाए तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि पूरे मार्ग पर उच्च क्षमता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं, ताकि टोल बचाने वाले वाहनों की पहचान कर उनसे नियमानुसार टोल वसूला जा सके। उनका कहना है कि इससे टोल चोरी पर अंकुश लगेगा, यातायात व्यवस्था सुधरेगी और सड़क दुर्घटनाओं में भी कमी आएगी।
