Connect with us

मिर्ज़ापुर

मीरजापुर के लाल पेड़ा कारोबार को मिलेगा योगी सरकार का सहारा

Published

on

Loading...
Loading...

‘एक जिला-एक व्यंजन’ योजना से लाल पेड़ा को नई पहचान, कारोबार और रोजगार को मिलेगी रफ्तार

आधुनिक प्रशिक्षण, बेहतर पैकेजिंग और वित्तीय सहायता से वैश्विक बाजार तक पहुंचेगा मीरजापुर का पारंपरिक स्वाद

मीरजापुर। प्रदेश सरकार की एक जिला-एक व्यंजन (ODOC) योजना के तहत चयनित मीरजापुर के प्रसिद्ध लाल पेड़ा कारोबार को अब नई आर्थिक मजबूती मिलने जा रही है। योजना के अंतर्गत लाल पेड़ा से जुड़े उद्यमियों को करोड़ों रुपये तक की परियोजनाओं पर अनुदान दिया जाएगा, जिससे स्थानीय उद्योग को बढ़ावा मिलने के साथ रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

जिला उद्योग केंद्र के उपायुक्त संदीप कुमार ने बताया कि योजना के तहत 25 लाख रुपये से लेकर 5 करोड़ रुपये तक की परियोजनाओं पर निर्धारित मानकों के अनुसार अनुदान दिया जाएगा। 25 लाख रुपये तक की परियोजना पर 25 प्रतिशत, 25 से 50 लाख रुपये तक 20 प्रतिशत, 50 लाख से 1.5 करोड़ रुपये तक 10 प्रतिशत अथवा 10 लाख रुपये (जो अधिक हो) तथा 1.5 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं पर 10 प्रतिशत अथवा 50 लाख रुपये (जो कम हो) का अनुदान उपलब्ध कराया जाएगा।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में जनपद में करीब 65 लाल पेड़ा निर्माण इकाइयाँ संचालित हैं, जिनसे लगभग 400 लोग प्रत्यक्ष रूप से जुड़े हुए हैं। सामान्य वर्ग के लाभार्थियों को परियोजना लागत का 10 प्रतिशत, जबकि अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक, महिला, दिव्यांग एवं ट्रांसजेंडर लाभार्थियों को 5 प्रतिशत स्वयं का अंशदान करना होगा। सफलतापूर्वक दो वर्ष तक उद्यम संचालन के बाद अनुदान राशि बैंक ऋण में समायोजित कर दी जाएगी।

Advertisement

उद्यमी विभागीय पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर इस योजना का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। सरकार यह सहायता मार्जिन मनी अनुदान के रूप में उपलब्ध कराएगी, जिससे लाल पेड़ा उद्योग के विस्तार को गति मिलेगी।

प्रशिक्षण से निखरेगा हुनर, बढ़ेगी बाजार में पहचान

योजना के अंतर्गत लाल पेड़ा बनाने वाले कारीगरों को आधुनिक तकनीक, गुणवत्ता नियंत्रण, स्वच्छता मानकों, आकर्षक पैकेजिंग और उत्पाद की शेल्फ लाइफ बढ़ाने का विशेष प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। इससे मीरजापुर का पारंपरिक लाल पेड़ा राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी अपनी मजबूत पहचान बना सकेगा।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page