भदोही
सावन और कांवड़ यात्रा को लेकर भदोही पुलिस अलर्ट, होटल-ढाबा संचालकों के साथ हुई बैठक
गोपीगंज और ऊंज थानों में व्यापारियों को दिए स्वच्छता, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश
लापरवाही या अवैध गतिविधि पर होगी सख्त कार्रवाई, श्रद्धालुओं से सम्मानजनक व्यवहार करने की अपील
भदोही। आगामी सावन माह और कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से गोपीगंज एवं ऊंज थाना परिसर में होटल, ढाबा, मदिरा तथा मीट-मछली दुकान संचालकों के साथ विशेष बैठक आयोजित की गई। यह बैठक पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के पर्यवेक्षण में आयोजित हुई।
बैठक में थाना प्रभारी गोपीगंज और थाना प्रभारी ऊंज ने कहा कि सावन माह के दौरान भदोही जनपद से बड़ी संख्या में कांवड़ यात्रियों का आवागमन होगा। ऐसे में कानून-व्यवस्था, स्वच्छता और श्रद्धालुओं की सुविधा सुनिश्चित करना सभी की साझा जिम्मेदारी है।
व्यापारियों को दिए गए महत्वपूर्ण निर्देश
बैठक में होटल एवं ढाबा संचालकों को साफ-सफाई बनाए रखने, गुणवत्तापूर्ण भोजन उचित मूल्य पर उपलब्ध कराने तथा परिसर को स्वच्छ रखने के निर्देश दिए गए। वहीं मीट-मछली विक्रेताओं को दुकानों के आसपास साफ-सफाई रखने और कूड़े का उचित निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा गया।
इसके अलावा यात्रा मार्गों पर अतिक्रमण न करने, पार्किंग व्यवस्था का पालन करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अवैध कारोबार की सूचना तत्काल पुलिस को देने के निर्देश भी दिए गए।
श्रद्धालुओं से सम्मानजनक व्यवहार करने की अपील
पुलिस अधिकारियों ने सभी व्यापारियों से कांवड़ यात्रियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार करने और किसी भी शिकायत की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही, अव्यवस्था या अवैध गतिविधि को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पुलिस ने चेतावनी दी कि निर्देशों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी, ताकि कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो सके।
