Connect with us

गोरखपुर

दिनदहाड़े महिला का मंगलसूत्र झपटकर फरार बाइक सवार

Published

on

Loading...
Loading...

चंद चौराहा क्षेत्र में वारदात से मची सनसनी, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश में जुटी पुलिस

मोबाइल की दुकान से लौट रही महिला को बनाया निशाना, गोला थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर

गोलाबाजार (गोरखपुर)। गोला कस्बे के व्यस्त चंद चौराहा क्षेत्र में गुरुवार दोपहर दिनदहाड़े एक महिला के गले से मंगलसूत्र झपटकर फरार होने वाले दो अज्ञात बाइक सवारों के खिलाफ गोला पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 304(2) के तहत एफआईआर दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस को दी गई तहरीर में ग्राम कोटिया नायक निवासी जानकी देवी, पत्नी संजय यादव ने बताया कि वह गुरुवार दोपहर करीब 2:30 बजे चंद चौराहा स्थित अमन मोबाइल शॉप से मोबाइल बनवाकर बाहर निकली थीं। इसके बाद वह कौड़ीराम जाने के लिए ऑटो की तलाश में पैदल जा रही थीं। इसी दौरान अमन मोबाइल शॉप और चंद चौराहा के बीच पीछे से बाइक पर आए दो अज्ञात युवकों ने झपट्टा मारकर उनके गले से मंगलसूत्र छीन लिया और चंद चौराहे की ओर तेज गति से फरार हो गए।

घटना के बाद महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बदमाशों का पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन वे हाथ नहीं आए। सूचना मिलने पर गोला पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगालनी शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में घटना के बाद दो संदिग्ध बाइक सवार तेजी से जाते हुए दिखाई दिए हैं, जिनकी पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।

Advertisement

थाना प्रभारी निरीक्षक सी.पी. पांडेय ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर दो अज्ञात बाइक सवारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों की पहचान कर उनकी शीघ्र गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page