गोरखपुर
आवारा पशुओं का आतंक, बढ़ रहे सड़क हादसे
सड़क पर मवेशियों और बकरियों के जमावड़े से यातायात प्रभावित, स्थानीय लोगों ने प्रशासन से की कार्रवाई की मांग
व्यापारियों और राहगीरों में आक्रोश, पशुपालकों पर कार्रवाई व पशु पकड़ने की व्यवस्था की उठी मांग
हरपुर/सहजनवा (गोरखपुर)। हरपुर मेन चौक पर इन दिनों आवारा मवेशियों और बकरियों का जमावड़ा स्थानीय लोगों के लिए बड़ी समस्या बन गया है। सड़क पर पशुओं के अचानक आ जाने से आए दिन दुर्घटनाएं होने का दावा किया जा रहा है। इससे राहगीरों, विशेषकर दोपहिया वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों का कहना है कि सुबह और शाम के समय चौराहे तथा उसके आसपास बड़ी संख्या में मवेशी और बकरियां सड़क पर घूमते रहते हैं। इसके कारण यातायात बाधित होता है और वाहन चालकों को दुर्घटना का खतरा बना रहता है। लोगों का कहना है कि बीते कुछ दिनों में दो से तीन छोटे सड़क हादसे हो चुके हैं, जिनमें कुछ लोग घायल हुए तथा वाहनों को भी नुकसान पहुंचा।
स्थानीय दुकानदारों का आरोप है कि इस समस्या को लेकर कई बार प्रशासन और पुलिस से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि हरपुर मेन चौक पर आवारा पशुओं के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जाए, लापरवाह पशुपालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए तथा पशुओं को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर रखने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन को सुरक्षित और सुगम यातायात का लाभ मिल सके।
