गाजीपुर
भारतीय सेना की वर्दी में गैबिपुर पहुंचे शुभम यादव का भव्य स्वागत
गौतम स्पोर्ट्स एकेडमी में खिलाड़ियों ने पुष्पवर्षा और माल्यार्पण कर किया सम्मान, गुरुजनों का लिया आशीर्वाद
एकेडमी से सेना, सीआरपीएफ और यूपी पुलिस में सेवाएं दे रहे कई खिलाड़ी, अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की भी चल रही तैयारी
गाजीपुर। गौतम स्पोर्ट्स एकेडमी, गैबिपुर में गुरुवार को उस समय उत्साह और गर्व का माहौल बन गया, जब एकेडमी के पूर्व ताइक्वांडो खिलाड़ी शुभम यादव भारतीय सेना की वर्दी में अपने गुरु और साथियों से मिलने पहुंचे। सेना की वर्दी में अपने साथी को देखकर एकेडमी के खिलाड़ियों ने तालियों की गड़गड़ाहट, पुष्पवर्षा और फूल-मालाओं से उनका भव्य स्वागत किया।
शुभम यादव सैदपुर क्षेत्र के औड़िहार के निकट मल्हीपुर गांव निवासी शमशेर यादव के पुत्र हैं। उन्होंने करीब पांच वर्षों तक गौतम स्पोर्ट्स एकेडमी में ताइक्वांडो का प्रशिक्षण प्राप्त किया। लगभग छह माह पूर्व भारतीय सेना के सिकंदराबाद प्रशिक्षण केंद्र के लिए चयनित होने पर एकेडमी परिवार ने उन्हें शुभकामनाओं के साथ विदाई दी थी। कठिन सैन्य प्रशिक्षण एवं कसम परेड सफलतापूर्वक पूरी करने के बाद अवकाश पर गृह जनपद लौटे शुभम सबसे पहले अपने गुरु और एकेडमी परिवार से मिलने पहुंचे तथा उनका आशीर्वाद लिया।

एकेडमी के प्रबंध निदेशक एवं वरिष्ठ ताइक्वांडो प्रशिक्षक अमित कुमार सिंह ने खिलाड़ियों के साथ शुभम यादव का माल्यार्पण कर स्वागत किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समाजसेवी मनोज सिंह ने शुभम यादव एवं उनके पिता शमशेर यादव को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया तथा मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं।
मुख्य अतिथि मनोज सिंह ने कहा कि गैबिपुर जैसे छोटे गांव में संचालित गौतम स्पोर्ट्स एकेडमी राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार कर पूरे जनपद का नाम रोशन कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में देश की प्रतिष्ठित खेल संस्थाएं भी इस एकेडमी के मॉडल से प्रेरणा लेंगी। उन्होंने एकेडमी के संचालक अमित कुमार सिंह के समर्पण, अनुशासन और खेल विकास में योगदान की सराहना की।
अमित कुमार सिंह ने कहा कि शुभम यादव शुरू से ही मेहनती, अनुशासित और विनम्र खिलाड़ी रहे हैं। खेल के प्रति उनका समर्पण और उत्कृष्ट व्यवहार उन्हें एकेडमी के श्रेष्ठ खिलाड़ियों में शामिल करता है। उन्होंने बताया कि गौतम स्पोर्ट्स एकेडमी के कई खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीत चुके हैं।
उन्होंने जानकारी दी कि एकेडमी के लगभग एक दर्जन खिलाड़ी वर्तमान में भारतीय थल सेना, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) और उत्तर प्रदेश पुलिस में सेवाएं दे रहे हैं। वहीं कई खिलाड़ी भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के प्रशिक्षण केंद्रों तथा आर्मी बॉयज स्पोर्ट्स कंपनी में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। एकेडमी के दो खिलाड़ी कर्नाटक के बेल्लारी स्थित इंस्पायर इंस्टीट्यूट ऑफ स्पोर्ट्स (आईआईएस) में सीनियर एशियाई एवं विश्व ताइक्वांडो चैंपियनशिप की तैयारी कर रहे हैं और जल्द ही दक्षिण कोरिया तथा क्रोएशिया में प्रशिक्षण एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने जाएंगे।
अमित कुमार सिंह ने बताया कि एकेडमी के खिलाड़ियों की उपलब्धियों को देखते हुए प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, उत्तर प्रदेश के पूर्व पुलिस महानिदेशक प्रशांत कुमार तथा महान क्रिकेटर कपिल देव सहित कई प्रतिष्ठित हस्तियों द्वारा खिलाड़ियों को सम्मानित किया जा चुका है। स्वयं उन्हें भी राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर दो बार उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल द्वारा राजभवन, लखनऊ में सम्मानित किया जा चुका है।
इस अवसर पर पप्पू यादव, पहलवान शिवम यादव, शिवम दुबे, उदय प्रताप सिंह, ताइक्वांडो कोच विशाल कुमार, खुशी मोदनवाल, गोविंदा यादव सहित एकेडमी के अनेक खिलाड़ी एवं अभिभावक उपस्थित रहे।
