Connect with us

भदोही

भदोही में स्कूल चलो अभियान के द्वितीय चरण का आगाज, डीएम-विधायक ने दिखाई जागरूकता रैली को हरी झंडी

Published

on

Loading...
Loading...

नवप्रवेशी बच्चों को मिले स्कूल बैग और पाठ्यपुस्तकें, नामांकन में प्रदेश में प्रथम आने पर डीएम ने दी बधाई

जागरूकता रैली के साथ अभियान की शुरुआत

भदोही | बेसिक शिक्षा विभाग के स्कूल चलो अभियान के द्वितीय चरण का शुभारंभ बुधवार को प्राथमिक विद्यालय काली महाल, गोपीगंज से हुआ। जिलाधिकारी शैलेष कुमार एवं औराई विधायक दीनानाथ भास्कर ने हरी झंडी दिखाकर जागरूकता रैली को रवाना किया। रैली में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, अभिभावकों और स्थानीय नागरिकों ने भाग लेकर शिक्षा का संदेश जन-जन तक पहुंचाया।

नवप्रवेशी विद्यार्थियों का हुआ स्वागत

कार्यक्रम के दौरान नवप्रवेशी विद्यार्थियों को निःशुल्क स्कूल बैग एवं पाठ्यपुस्तकें वितरित की गईं। अतिथियों ने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय आने, मन लगाकर पढ़ाई करने और उज्ज्वल भविष्य बनाने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय परिसर में बच्चों द्वारा बनाई गई आकर्षक रंगोली की भी सराहना की गई।

Advertisement

नामांकन में प्रदेश में प्रथम आने पर जताया गर्व

जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने कहा कि नवीन नामांकन में भदोही का प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त करना पूरे जिले के लिए गर्व की बात है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए बेसिक शिक्षा विभाग की पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि अभियान का उद्देश्य प्रत्येक बच्चे को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना है।

सरकारी विद्यालयों में बढ़ा अभिभावकों का विश्वास

विधायक दीनानाथ भास्कर ने कहा कि प्रदेश सरकार ने परिषदीय विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता और सुविधाओं में व्यापक सुधार किए हैं। आज सरकारी विद्यालय आधुनिक संसाधनों और बेहतर शिक्षण व्यवस्था के कारण निजी विद्यालयों की बराबरी कर रहे हैं। उन्होंने अभिभावकों से अपने बच्चों का नामांकन सरकारी विद्यालयों में कराने और उन्हें नियमित रूप से स्कूल भेजने की अपील की।

शिक्षा से वंचित न रहे कोई बच्चा

Advertisement

कार्यक्रम के अंत में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, शिक्षकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों ने संकल्प लिया कि जनपद का कोई भी बच्चा विद्यालय से बाहर नहीं रहेगा और सभी मिलकर शिक्षा के अधिकार को प्रत्येक बच्चे तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष कुमार चक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शिवम पांडेय, जिला विद्यालय निरीक्षक अंशुमान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page