बड़ी खबरें
सपा और कांग्रेस को सिर्फ मुसलमानों की चिंता : अखिलेश यादव पर बरसे मुख्यमंत्री
66 परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास, विस्थापित परिवारों को सौंपे भूमि अधिकार पत्र
पीलीभीत। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को पीलीभीत के बरखेड़ा विधानसभा क्षेत्र स्थित पतरासा कुंवरपुर गांव में ₹569.11 करोड़ लागत की 66 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने करीब ढाई हजार विस्थापित परिवारों को भूमि अधिकार प्रमाण पत्र भी वितरित किए।
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बीसलपुर और बरखेड़ा विधानसभा क्षेत्रों को लगभग ₹600 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात मिली है। उन्होंने कहा कि लगभग 55-56 वर्ष पहले तत्कालीन पूर्वी पाकिस्तान (अब बांग्लादेश) से विस्थापित होकर आए परिवारों को अब भारतीय नागरिकता के साथ भूमि अधिकार भी मिल गए हैं। इससे उनके जीवन को स्थायित्व और सुरक्षा मिलेगी।
कांग्रेस और सपा पर बोला हमला
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों दलों ने तुष्टिकरण की राजनीति की और गरीबों, दलितों तथा वंचित वर्गों की उपेक्षा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन परिवारों को भूमि अधिकार प्रमाण पत्र मिले हैं, वे वर्षों से अपने अधिकारों की प्रतीक्षा कर रहे थे। उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार ने ऐसे लोगों को सम्मान और अधिकार दिलाने का कार्य किया है।
उन्होंने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों के एजेंडे में प्रदेश के सभी क्षेत्रों का समान विकास नहीं था। उनके अनुसार, यदि ऐसा होता तो पीलीभीत में पहले ही मेडिकल कॉलेज और अन्य महत्वपूर्ण विकास कार्य पूरे हो चुके होते।
विकास और पुनर्वास पर सरकार का जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विकास परियोजनाओं के साथ-साथ गरीब, वंचित और विस्थापित परिवारों के पुनर्वास एवं अधिकार सुनिश्चित करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने लाभार्थियों से योजनाओं का पूरा लाभ उठाने और प्रदेश के विकास में सहभागी बनने का आह्वान किया।
