वाराणसी
संत अतुलानंद कॉन्वेंट स्कूल की अदिति सिंह बनीं यूपी टॉपर, ऑल इंडिया में तीसरा स्थान
सीबीएसई पुनर्मूल्यांकन में 498 अंक हासिल, पूर्व छात्रा नूर फातिमा ने बीपीएससी में पाई 53वीं रैंक
वाराणसी।केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा के पुनर्मूल्यांकन परिणाम में संत अतुलानंद कॉन्वेंट स्कूल, कोइराजपुर की छात्रा अदिति सिंह ने 500 में से 498 अंक (99.6 प्रतिशत) प्राप्त कर अखिल भारतीय स्तर पर तीसरा स्थान हासिल किया है। इस उपलब्धि के साथ अदिति उत्तर प्रदेश की टॉपर भी बन गई हैं। छात्रा की सफलता से विद्यालय परिवार, अभिभावकों और पूरे जनपद में खुशी का माहौल है।
मुख्यमंत्री से भी हो चुकी हैं सम्मानित
अदिति सिंह को उत्तर प्रदेश के मेधावी विद्यार्थियों के सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित किया जा चुका है। इस दौरान उन्हें एक लाख रुपये का चेक, टैबलेट, प्रशस्ति-पत्र और मेडल प्रदान किया गया था। विद्यालय ने इसे वाराणसी और प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।
पूर्व छात्रा नूर फातिमा ने बढ़ाया विद्यालय का मान
विद्यालय की वर्ष 2020 बैच की पूर्व छात्रा नूर फातिमा ने बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) परीक्षा में 53वीं रैंक हासिल कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। विद्यालय प्रबंधन ने उनकी सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि संस्थान अपने वर्तमान और पूर्व विद्यार्थियों की उपलब्धियों पर समान रूप से गर्व करता है।
विद्यालय प्रबंधन ने दी शुभकामनाएं
विद्यालय के सचिव राहुल सिंह, निदेशिका डॉ. वंदना सिंह, उपनिदेशक आयुष्मान सिंह और प्रधानाचार्या डॉ. नीलम सिंह ने अदिति सिंह और नूर फातिमा को बधाई देते हुए कहा कि दोनों छात्राओं ने कड़ी मेहनत, दृढ़ संकल्प और उचित मार्गदर्शन के बल पर उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। उन्होंने दोनों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए इसे विद्यालय के लिए गर्व का क्षण बताया।
