गाजीपुर
गाजीपुर में नशे में वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई, 134 वाहनों का चालान
बिरनो टोल प्लाजा पर चला सघन अभियान, पांच चालक ड्रंकन ड्राइविंग में पकड़े गए
गाजीपुर। सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर गाजीपुर पुलिस एवं परिवहन विभाग ने बिरनो टोल प्लाजा पर संयुक्त रूप से सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान नशे की हालत में वाहन चलाने वाले पांच चालकों समेत विभिन्न यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 134 वाहनों का चालान किया गया।
करीब चार लाख रुपये का जुर्माना, प्रेशर हॉर्न और HSRP पर भी कार्रवाई
अपर पुलिस महानिदेशक (यातायात एवं सड़क सुरक्षा) के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा के पर्यवेक्षण में चलाए गए अभियान का नेतृत्व अपर पुलिस अधीक्षक नगर राकेश कुमार मिश्र, एआरटीओ, क्षेत्राधिकारी यातायात, यातायात निरीक्षक बालेंद्र कुमार और थानाध्यक्ष बिरनो ने किया।
अभियान के दौरान नशे में वाहन चलाने वाले पांच चालकों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई। वहीं प्रेशर हॉर्न लगे 18 वाहनों, एचएसआरपी/नंबर प्लेट संबंधी नियमों का उल्लंघन करने वाले 15 वाहनों तथा हूटर लगे एक वाहन का भी चालान किया गया। कुल 134 वाहनों के चालान से लगभग चार लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।
अवयस्क चालकों और मॉडिफाइड साइलेंसर पर भी रही नजर
पुलिस ने बताया कि अभियान के दौरान ड्रंकन ड्राइविंग, प्रेशर हॉर्न, मॉडिफाइड साइलेंसर, एचएसआरपी नंबर प्लेट तथा अवयस्क चालकों के विरुद्ध विशेष रूप से जांच की गई। यातायात नियमों के उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।
