वाराणसी
लंका पुलिस ने घर में चोरी का किया खुलासा, दो शातिर चोर गिरफ्तार
दो लाख रुपये नकद और लाखों के आभूषण बरामद, शहर छोड़ने की फिराक में थे आरोपी
24 जून को घर का ताला तोड़कर की थी चोरी, पूछताछ में दोनों ने कबूला जुर्म
वाराणसी। लंका थाना पुलिस ने घर में हुई चोरी की घटना का सफल खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी के दो लाख रुपये नकद तथा सोने-चांदी के लाखों रुपये मूल्य के आभूषण बरामद किए हैं। आरोपी चोरी का माल आपस में बांटकर शहर छोड़ने की तैयारी में थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें पहले ही दबोच लिया।
पुलिस आयुक्त के निर्देश पर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस उपायुक्त काशी जोन के निर्देशन, अपर पुलिस उपायुक्त तथा सहायक पुलिस आयुक्त भेलूपुर के पर्यवेक्षण में लंका पुलिस ने यह कार्रवाई की।
24 जून को हुई थी चोरी
पुलिस के अनुसार, शिवशक्ति नगर कॉलोनी, नारायणपुर डाफी निवासी संतोष कुमार साह ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 24 जून को अज्ञात चोरों ने उनके घर का ताला तोड़कर नकदी और कीमती आभूषण चोरी कर लिए थे। इस संबंध में थाना लंका में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
बजबजा प्लांट के पास से हुई गिरफ्तारी
जांच के दौरान पुलिस ने शनिवार दोपहर बजबजा प्लांट के पास खाली जमीन से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनकी पहचान राजन यादव (20) पुत्र दयाराम यादव तथा राजकुमार भारती (24) पुत्र नंदू राम, दोनों निवासी मुड़ादेव, थाना रोहनिया, वाराणसी के रूप में हुई।
पूछताछ में कबूला अपराध
पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने चोरी की घटना स्वीकार करते हुए बताया कि उन्होंने घर का ताला तोड़कर नकदी और आभूषण चोरी किए थे। चोरी के कुछ आभूषण बेचकर मिली रकम आपस में बांट ली थी, जबकि शेष सामान का बंटवारा कर शहर छोड़ने की तैयारी कर रहे थे।
नकदी और जेवर बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो लाख रुपये नकद के अलावा सोने और चांदी के कई आभूषण बरामद किए हैं। बरामद सामान में चांदी की पायल, बिछिया तथा सोने की अंगूठियां, झुमके, लौंग, नथ और कुंडल (बाली) शामिल हैं।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
