मिर्ज़ापुर
खड़े ट्रक से टकराई कार, दंपती की मौत; चार घायल
काशी विश्वनाथ के दर्शन कर कटनी लौट रहे थे श्रद्धालु, दो मासूम बेटे सुरक्षित बचे
लहुरियादह गांव के पास देर रात हुआ हादसा, गंभीर घायल महिला का इलाज जारी
मिर्जापुर। ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र के वाराणसी-रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-135) पर लहुरियादह गांव के पास शनिवार देर रात एक कार खड़े ट्रक से पीछे से टकरा गई। हादसे में कार सवार दंपती की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। दुर्घटना में दंपती के दो मासूम बेटे बाल-बाल बच गए।
पुलिस के अनुसार, मध्य प्रदेश के कटनी जिले के बरही निवासी 35 वर्षीय विकास ताम्रकार अपने परिवार और रिश्तेदारों के साथ वाराणसी स्थित काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन कर कार से वापस घर लौट रहे थे। रात करीब डेढ़ बजे लहुरियादह गांव के पास हाईवे पर ट्रक के पीछे कार जा भिड़ी।
हादसे में विकास ताम्रकार, उनकी पत्नी 31 वर्षीय सोनम, कार चालक 23 वर्षीय हीरालाल (जिला कटनी), 27 वर्षीय हिमांशु ताम्रकार (जिला सतना), 17 वर्षीय सक्षम (जिला सतना) तथा 40 वर्षीय राधा ताम्रकार घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लालगंज ले गई, जहां चिकित्सकों ने विकास ताम्रकार और उनकी पत्नी सोनम को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल राधा ताम्रकार को मंडलीय चिकित्सालय रेफर किया गया, जबकि अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
दुर्घटना में मृतक दंपती के चार वर्षीय पुत्र शिवांश और डेढ़ वर्षीय पुत्र रुद्र को खरोंच तक नहीं आई। पुलिस के अनुसार, कार में कुल आठ लोग सवार थे, जिनमें दोनों मासूम सुरक्षित बच गए।
मृतक विकास ताम्रकार के साले हिमांशु ताम्रकार ने बताया कि विकास ताम्रकार एक समाचार पत्र में पत्रकार थे। परिवार काशी विश्वनाथ के दर्शन के बाद कटनी लौट रहा था। उनका आरोप है कि ट्रक चालक हाईवे पर ट्रक को आगे-पीछे कर रहा था, तभी कार अनियंत्रित होकर ट्रक से टकरा गई।
प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि दुर्घटना में पति-पत्नी की मौत हुई है। एक महिला का इलाज मंडलीय चिकित्सालय में चल रहा है, जबकि अन्य घायलों की हालत सामान्य है।
हाईवे पर खड़े ट्रकों से हादसों का खतरा
स्थानीय लोगों का कहना है कि लहुरियादह और मध्य प्रदेश सीमा से सटे भैसोड़ बलाय पहाड़ गांव के पास रात के समय बड़ी संख्या में ट्रक हाईवे किनारे खड़े रहते हैं, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। लोगों ने हाईवे पर नियमित निगरानी और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
