गाजीपुर
प्राथमिक विद्यालय कबीरपुर में गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं एवं बच्चों का हुआ टीकाकरण
मिर्जापुर/सादात गाजीपुर। प्राथमिक विद्यालय कबीरपुर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा नियमित टीकाकरण सत्र का आयोजन किया गया। शिविर में गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं एवं छोटे बच्चों का निर्धारित टीकाकरण किया गया। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उपस्थित लाभार्थियों को नियमित टीकाकरण के महत्व, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा टीकों से होने वाले लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए समयानुसार सभी टीके लगवाने की अपील की।टीकाकरण सत्र के दौरान एएनएम पूनम, आशा कार्यकर्ता माया सिंह एवं सीमा चौहान, आंगनबाड़ी कार्यकर्ती सुमन चौहान तथा संध्या खरवार ने सक्रिय भूमिका निभाई। स्वास्थ्यकर्मियों ने बताया कि नियमित टीकाकरण बच्चों को अनेक गंभीर बीमारियों से सुरक्षा प्रदान करता है, वहीं गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य की दृष्टि से भी यह अत्यंत आवश्यक है। कार्यक्रम का समापन सभी लाभार्थियों को समय पर अगली निर्धारित तिथि पर उपस्थित होकर टीकाकरण कराने की अपील के साथ हुआ।
