गाजीपुर
मोहर्रम से पहले सैदपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध मांस, तमंचा व कारतूस के साथ एक गिरफ्तार
पुलिस ने गश्त के दौरान मुखबिर की सूचना पर की घेराबंदी
सैदपुर में अवैध बिक्री का खुलासा
सैदपुर (गाजीपुर)। मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना सैदपुर पुलिस ने शुक्रवार देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से पशु मांस की बिक्री कर रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने उसके कब्जे से 25 किलोग्राम संदिग्ध अवैध मांस, एक देशी तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक हीरो होंडा मोटरसाइकिल और 600 रुपये नकद बरामद किए हैं। वहीं, उसका एक साथी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक गाजीपुर के निर्देश पर जिले में अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में उपनिरीक्षक वासुदेव प्रसाद पुलिस टीम के साथ भितरी क्षेत्र में गश्त पर थे।
इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मोहसीनपुर पुलिया के पास दो व्यक्ति मोटरसाइकिल पर अवैध मांस की बिक्री कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।
एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरा फरार
पुलिस को देखते ही दोनों आरोपी भागने लगे, लेकिन पुलिस ने पीछा कर एक आरोपी को पकड़ लिया, जबकि दूसरा अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान फैजुद्दीन उर्फ अज्जू (54 वर्ष), निवासी भिखईपुर, थाना सैदपुर के रूप में हुई है।
बरामदगी और जांच
तलाशी के दौरान 25 किलोग्राम मांस 1-1 किलोग्राम के 25 पैकेटों में मिला। साथ ही मोटरसाइकिल की सीट के नीचे से .315 बोर का देशी तमंचा और एक जिंदा कारतूस भी बरामद हुआ। आरोपी से 600 रुपये नकद भी मिले।
पुलिस ने जांच के लिए मांस का एक नमूना सुरक्षित रखकर शेष को चूना डालकर गड्ढे में दबाकर नष्ट कर दिया।
मुकदमा दर्ज, फरार आरोपी की तलाश जारी
इस मामले में थाना सैदपुर पर मु0अ0सं0 232/2026 के तहत बीएनएस की धारा 223, 271, 272, पर्यावरण अधिनियम की धारा 8/15 तथा आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है। अधिकारियों ने कहा है कि त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
