मिर्ज़ापुर
टैंकर की चपेट में आने से मासूम की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने लगाया जाम
गोपालपुर टोल प्लाजा के पास सड़क पर उतरे परिजन, पुलिस समझाने में जुटी
मिर्जापुर।विंध्याचल थाना क्षेत्र के गोपालपुर (अष्टभुजा) टोल प्लाजा के पास टैंकर की चपेट में आने से आठ वर्षीय मासूम की मौत के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने सड़क पर चक्का जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिससे यातायात प्रभावित हो गया।
जानकारी के अनुसार, टैंकर से कुचलकर आठ वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। घटना से नाराज परिजनों ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर गोपालपुर टोल प्लाजा के समीप सड़क जाम कर दिया और कार्रवाई की मांग करने लगे।
चक्का जाम की सूचना पर विंध्याचल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे लोगों से वार्ता कर उन्हें शांत कराने और जाम समाप्त कराने का प्रयास शुरू किया। समाचार लिखे जाने तक पुलिस लोगों को समझाने में जुटी थी।
हादसे के बाद क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही, जबकि पुलिस पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।
