मिर्ज़ापुर
थाना समाधान दिवस में अधिकारियों ने सुनीं जनसमस्याएं, त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश
मंडलायुक्त, डीआईजी, डीएम और एसपी ने विभिन्न थानों का किया निरीक्षण, शेष मामलों के लिए संयुक्त टीम गठित
मीरजापुर।शासन के निर्देशानुसार माह के द्वितीय एवं चतुर्थ शनिवार को आयोजित थाना समाधान दिवस के तहत शनिवार को जनपद के सभी थानों पर जनसुनवाई की गई। इस दौरान पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
मंडलायुक्त राजेश प्रकाश एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक पूनम ने थाना कोतवाली देहात का निरीक्षण कर फरियादियों की शिकायतें सुनीं। वहीं जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार एवं पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने थाना कछवां में जनसुनवाई कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इसके अलावा उपजिलाधिकारियों ने थाना विंध्याचल, लालगंज, हलिया, अदलहाट तथा मड़िहान में थाना समाधान दिवस में भाग लिया। नायब तहसीलदारों ने ड्रमंडगंज एवं जमालपुर थानों पर शिकायतों की सुनवाई की। सभी स्थानों पर पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से शिकायतों का निस्तारण किया तथा शेष मामलों के लिए संयुक्त टीमों को मौके पर भेजा गया।
थाना समाधान दिवस के दौरान विभिन्न थानों पर बड़ी संख्या में प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। इनमें कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि भूमि एवं राजस्व से जुड़े लंबित मामलों के निष्पक्ष और समयबद्ध समाधान के लिए पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीमों को जांच एवं कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आमजन की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और न्यायपूर्ण समाधान सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
