मिर्ज़ापुर
कोचिंग से लौट रहे छात्र की ट्रक से कुचलकर मौत
हादसे के बाद ग्रामीणों ने लगाया जाम, चालक ट्रक लेकर फरार
मिर्जापुर। विंध्याचल थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में साइकिल से कोचिंग कर घर लौट रहे 14 वर्षीय छात्र की ट्रक की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।
पुलिस के अनुसार, गोपालपुर निवासी जसवंत बिंद (14), पुत्र अशोक बिंद, शनिवार सुबह साइकिल से विंध्याचल कोचिंग पढ़ने गया था। कोचिंग से घर लौटते समय अष्टभुजा मंदिर मार्ग गेट के सामने हाईवे पर पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उसे कुचल दिया। हादसे में छात्र की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंच गए तथा आक्रोश में सड़क जाम कर दिया। सूचना पर विंध्याचल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर स्थिति सामान्य कराने में जुट गई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।
