मिर्ज़ापुर
फर्नीचर व्यवसायी ने मीटर चोरी व तोड़फोड़ का लगाया आरोप, पुलिस से लगाई कार्रवाई की गुहार
दुकान के बाहर रखे बक्से व अलमारी क्षतिग्रस्त होने का दावा, विपक्षी पर धमकी देने का भी आरोप
मिर्जापुर। विंध्याचल कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कलना गहरवार में एक फर्नीचर व्यवसायी ने विद्युत मीटर चोरी, तोड़फोड़ और लगातार धमकी दिए जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। मामले में पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता अनिल गुप्ता, निवासी सर्रोई बाबू, थाना विंध्याचल ने आरोप लगाया है कि उन्होंने ग्राम कलना गहरवार स्थित एक मकान खरीद रखा है, जहां वह फर्नीचर का सामान रखते हैं। उनका आरोप है कि विपक्षी उमाकांत पांडे लंबे समय से मकान खाली करने का दबाव बना रहा है और जान से मारने की धमकी भी देता रहा है।
प्रार्थना पत्र के अनुसार, 25 जून 2026 को तहसील से लौटने पर उन्होंने देखा कि दुकान के बाहर रखे बक्से और अलमारी क्षतिग्रस्त थे तथा दीवार पर लगा विद्युत मीटर गायब था। शिकायतकर्ता का आरोप है कि यह घटना विपक्षी या उसके इशारे पर किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा अंजाम दी गई है।
अनिल गुप्ता ने बताया कि घटना की सूचना तत्काल डायल-112 पर दी गई थी। उन्होंने यह भी दावा किया कि इससे पहले भी विपक्षी के खिलाफ थाने में शिकायत की जा चुकी है, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ।
पीड़ित ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में कार्रवाई करने तथा अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
विंध्याचल कोतवाली पुलिस ने शिकायत प्राप्त होने की पुष्टि करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, इस घटना को लेकर स्थानीय व्यापारियों ने भी शीघ्र एवं निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है।
