मिर्ज़ापुर
सोनभद्र रोड पर डग्गामार वाहन पलटा, दो गंभीर घायल
कोटवा के पास अनियंत्रित होकर सड़क से 20 फीट दूर जा पलटा वाहन
मीरजापुर। मीरजापुर-सोनभद्र मार्ग पर शुक्रवार दोपहर को कोटवा के पास एक डग्गामार वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से लगभग 20 फीट दूर पलट गया। हादसे में वाहन में सवार दो यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि अन्य यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
करीब दो दर्जन यात्री थे सवार, ग्रामीणों ने चलाया राहत अभियान
प्रत्यक्षदर्शी एवं घायल दयाशंकर (22) ने बताया कि वह कलवारी से मीरजापुर जाने के लिए डग्गामार वाहन में सवार हुआ था। वाहन में लगभग दो दर्जन यात्री मौजूद थे। कोटवा पहुंचते ही वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे पलट गया। हादसे के बाद यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और सभी लोगों को वाहन से बाहर निकाला।
घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया
हादसे में मड़िहान थाना क्षेत्र निवासी करीब 40 वर्षीय करण को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि दयाशंकर के सिर में भी चोट लगी है। ग्रामीणों ने तत्काल एंबुलेंस की मदद से घायलों को उपचार के लिए मीरजापुर के जिला अस्पताल भेज दिया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस मामले की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई में जुटी है।
