मिर्ज़ापुर
वज्रपात से दुधारू गाय की मौत, पशुपालक ने मांगा मुआवजा
बारिश के दौरान गिरी आकाशीय बिजली, मौके पर हुई गाय की मौत
मीरजापुर। राजगढ़ थाना क्षेत्र के खोराडीह ग्राम पंचायत में गुरुवार देर रात वज्रपात की चपेट में आने से एक दुधारू गाय की मौत हो गई। घटना से गरीब पशुपालक को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है और उसके सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है।
गौशाला के बाहर बंधी थी गाय
महादेवडीह बस्ती निवासी पशुपालक दशमी पुत्र रामकरन ने बताया कि गुरुवार रात हल्की बारिश और तेज गर्जना के दौरान उनकी दुधारू गाय गौशाला के बाहर बंधी थी। इसी दौरान अचानक वज्रपात होने से गाय गंभीर रूप से झुलस गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
प्रशासन से आर्थिक सहायता की मांग
पीड़ित परिवार ने स्थानीय प्रशासन और राजस्व विभाग से घटना का संज्ञान लेकर दैवीय आपदा राहत मद से उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।
तहसीलदार ने दिए जांच के निर्देश
मड़िहान तहसीलदार आशीष पांडेय ने बताया कि लेखपाल से मौके का मुआयना कराया जाएगा। रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार दैवीय आपदा राहत मद से मुआवजा दिलाने की कार्रवाई की जाएगी।
