Connect with us

भदोही

ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व पॉलिथीन प्रतिबंध पर डीएम सख्त, अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश

Published

on

Loading...
Loading...

जिला वृक्षारोपण, गंगा एवं पर्यावरण समिति की समीक्षा बैठक में स्वच्छता और ई-वेस्ट प्रबंधन पर जोर

कूड़ा निस्तारण में लापरवाही पर होगी कार्रवाई, सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वालों पर लगेगा जुर्माना

भदोही। जिलाधिकारी शैलेष कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला वृक्षारोपण समिति, जिला गंगा समिति एवं जिला पर्यावरण समिति की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, पॉलिथीन प्रतिबंध तथा ई-वेस्ट निस्तारण से संबंधित कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सभी अधिशासी अधिकारियों, नगर पालिका, नगर पंचायतों एवं जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देश दिया कि ठोस अपशिष्ट प्रबंधन (सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट) का निस्तारण निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के अनुरूप सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कूड़ा निस्तारण व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

जिलाधिकारी ने नगर पालिका परिषद भदोही के अधिशासी अधिकारी को निर्देशित किया कि नगर क्षेत्र में कूड़े के संग्रहण एवं निस्तारण की व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जाए। साथ ही सार्वजनिक स्थानों एवं सड़कों पर कूड़ा फेंकने वालों के विरुद्ध अभियान चलाकर जुर्माना लगाया जाए तथा स्वच्छता नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाए।

Advertisement

उन्होंने कहा कि प्रदेश में पॉलिथीन पूरी तरह प्रतिबंधित है। इसके उपयोग, भंडारण और बिक्री के विरुद्ध नियमित अभियान चलाकर दंडात्मक कार्रवाई की जाए। नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में खाली पड़े भूखंडों पर जमा कूड़े-कचरे का भी समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में जिलाधिकारी ने ई-वेस्ट प्रबंधन पर विशेष जोर देते हुए अधिकारियों से कहा कि घरों एवं संस्थानों में अनुपयोगी इलेक्ट्रॉनिक सामग्री का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण कराया जाए तथा लोगों को इसके प्रति जागरूक भी किया जाए।

उन्होंने निर्देश दिया कि अगली समीक्षा बैठक में सभी संबंधित विभाग ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, पॉलिथीन प्रतिबंध, ई-वेस्ट निस्तारण एवं स्वच्छता अभियान से संबंधित अद्यतन प्रगति रिपोर्ट अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करें।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) शुभांगी शुक्ला सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page