Connect with us

भदोही

पारिवारिक विवाद में छोटे भाई की हत्या, तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज

Published

on

Loading...
Loading...

धारदार हथियार से सीने पर हमला, मुंबई से दो दिन पहले ही घर लौटा था मृतक

पत्नी की तहरीर पर केस दर्ज, गांव में तनाव के बीच पुलिस बल तैनात

भदोही। गोपीगंज कोतवाली क्षेत्र के कसीदहा चौकी अंतर्गत संसारापुर गांव में पारिवारिक विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। गुरुवार देर रात हुए विवाद में 35 वर्षीय संजय सरोज की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई, जबकि पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार संजय सरोज, पुत्र मेहीलाल सरोज, चार भाइयों में सबसे छोटे थे और रोजी-रोटी के लिए मुंबई में रहते थे। वह 24 जून को ही घर लौटे थे। गुरुवार रात परिवार के सदस्यों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक हो गया।

आरोप है कि बड़े भाई राजेंद्र उर्फ गोली सरोज, ललऊ तथा अन्य परिजनों ने सुअर मारने में प्रयुक्त होने वाले धारदार हथियार “हीकनी” से संजय के सीने पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

Advertisement

घटना की सूचना पर पीआरबी टीम मौके पर पहुंची। इस दौरान पुलिस टीम पर भी हमले की चर्चा है, जिसमें पीआरबी कर्मी वीरेंद्र कुमार द्विवेदी को हल्की चोटें आईं तथा उनका सरकारी मोबाइल क्षतिग्रस्त हो गया। बाद में क्षेत्राधिकारी चमन सिंह चावड़ा मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया।

मृतक अपने पीछे पत्नी सावित्री देवी, पुत्र दीपक (10 वर्ष), सूरज (करीब 5-6 वर्ष) तथा पुत्री राखी (8 वर्ष) को छोड़ गए हैं। परिजनों का कहना है कि संजय परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनकी मौत के बाद परिवार आर्थिक संकट में आ गया है। परिजनों ने शासन से आर्थिक सहायता और आरोपियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की पत्नी की तहरीर पर राजेंद्र उर्फ गोली सरोज, ललऊ और चंदा देवी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page