भदोही
सपा कार्यालय में मनाई गई राजर्षि छत्रपति शाहू महाराज की जयंती
सामाजिक न्याय और शिक्षा के क्षेत्र में योगदान को किया गया याद
जिलाध्यक्ष बोले— आरक्षण व्यवस्था लागू करने वाले अग्रणी शासक थे शाहू महाराज
ज्ञानपुर। समाजवादी पार्टी की ओर से गुरुवार को कंसापुर स्थित जिला कार्यालय में राजर्षि छत्रपति शाहू महाराज की जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी तथा उनके सामाजिक योगदान को याद किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष प्रदीप यादव ने कहा कि राजर्षि छत्रपति शाहू महाराज कोल्हापुर रियासत के शासक थे, जिन्होंने शिक्षा और सामाजिक न्याय के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य किए। उन्होंने कहा कि नौकरी और शिक्षण संस्थानों में आरक्षण व्यवस्था लागू करने की पहल सबसे पहले शाहू महाराज ने की थी। इसी कारण उन्हें सामाजिक न्याय और आरक्षण व्यवस्था का अग्रदूत माना जाता है।
उन्होंने कहा कि शाहू महाराज का जीवन समाज के वंचित, शोषित और पिछड़े वर्गों के उत्थान के लिए समर्पित रहा तथा उनके विचार आज भी समाज को समानता और न्याय का संदेश देते हैं।
इस अवसर पर जिला महासचिव हृदय नारायण प्रजापति, राजेंद्र दुबे, लालचंद बिंद, हशनैन अंसारी, महेंद्र गोड, संतोष यादव, करिया पाल, शिवप्रसाद यादव, शेषधर गौतम, जीतनारायण, कार्यालय प्रभारी गामा प्रसाद यादव, जिला मीडिया प्रभारी धर्मेंद्र कुमार मिश्र ‘पप्पू’ सहित समाजवादी पार्टी के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
