Connect with us

जौनपुर

मानक विहीन सड़क निर्माण के विरोध में ग्रामीणों का प्रदर्शन

Published

on

Loading...
Loading...

घटिया निर्माण का आरोप, कार्य रुकवाकर ठेकेदार और विभाग के खिलाफ की नारेबाजी

सुधार न होने पर लखनऊ तक शिकायत ले जाने की दी चेतावनी

चंदवक, जौनपुर। आजमगढ़-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग से बरमलपुर गांव को जोड़ने वाले मार्ग पर चल रहे रिन्यूअल पिच निर्माण कार्य में मानकों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों का गुस्सा गुरुवार को फूट पड़ा। आक्रोशित ग्रामीणों ने निर्माण कार्य रुकवा दिया और ठेकेदार तथा सार्वजनिक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के खिलाफ जमकर प्रदर्शन एवं नारेबाजी की।

ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण कार्य में गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि सड़क पर मौजूद गड्ढों को सही तरीके से भरे बिना ही पिचिंग का कार्य किया जा रहा है। स्थिति यह है कि जहां एक ओर सड़क पर पिच डाली जा रही है, वहीं दूसरी ओर पीछे से गिट्टियां उखड़कर बिखर रही हैं।

बताया गया कि आजमगढ़-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग से बरमलपुर गांव तक तथा राष्ट्रीय राजमार्ग से पाण्डेयपुर गांव होते हुए बरमलपुर तक जाने वाले मार्ग के रिन्यूअल कार्य को सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा स्वीकृति प्रदान की गई है। वर्तमान में बरमलपुर मार्ग पर निर्माण कार्य चल रहा है, लेकिन ग्रामीणों के अनुसार कार्य में लगातार मानकों की अनदेखी की जा रही है।

Advertisement

ग्रामीणों का कहना है कि कई बार शिकायत और आपत्ति दर्ज कराने के बावजूद निर्माण कार्य में कोई सुधार नहीं किया गया। इससे नाराज होकर लोगों ने सड़क निर्माण का विरोध करते हुए प्रदर्शन किया और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि निर्माण कार्य में गुणवत्ता सुनिश्चित नहीं की गई तो वे मामले की शिकायत उच्च अधिकारियों से करते हुए लखनऊ तक पहुंचेंगे।

इस संबंध में पूछे जाने पर जूनियर इंजीनियर (जेई) मंजूर अहमद ने बताया कि ग्रामीणों के विरोध की जानकारी प्राप्त हुई है। ठेकेदार को सख्त निर्देश दिए गए हैं और निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप कराया जाएगा।

प्रदर्शन में त्रिभुवन सिंह, अमन सिंह, अश्विनी कुमार सिंह, प्रबल सिंह, बृजेश सिंह, मनीष कुमार सिंह, भोले, अभिषेक दुबे, शिवम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page