बलिया
स्कूल चलो अभियान को सफल बनाने के लिए प्रधानाचार्यों की बैठक आयोजित
नामांकन बढ़ाने और ड्रॉप-आउट छात्रों को मुख्यधारा से जोड़ने पर जोर
विद्यालयों में साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय और पीएम पोषण योजना के प्रभावी संचालन के दिए निर्देश
बलिया। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में स्कूल चलो अभियान के दूसरे चरण के तहत जिले के 91 अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों की बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य विद्यालयों में नामांकन बढ़ाना तथा ड्रॉप-आउट छात्रों को पुनः शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना रहा।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक मनोज कुमार मिश्र ने निर्देश दिया कि 1 जुलाई से नए शैक्षणिक सत्र में पठन-पाठन शुरू होने से पहले सभी विद्यालयों में साफ-सफाई, शुद्ध पेयजल तथा छात्र-छात्राओं के लिए अलग-अलग शौचालयों की व्यवस्था सुनिश्चित कर ली जाए।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री पोषण योजना के तहत चयनित 21 विद्यालयों में योजना का शत-प्रतिशत संचालन सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए विद्यालयों में आवश्यक बर्तन, ईंधन तथा अस्थायी किचन की व्यवस्था समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए।
जिन विद्यालयों में कक्षा 1 से 8 तक की पढ़ाई संचालित होती है, उन्हें ब्लॉक संसाधन केंद्र (बीआरसी) से पुस्तकें प्राप्त कर विद्यार्थियों में निःशुल्क वितरण सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक में शिक्षकों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति की नियमित निगरानी तथा वेतन वितरण की प्रक्रिया को समयबद्ध बनाने पर भी जोर दिया गया। प्रधानाचार्यों को निर्देशित किया गया कि वे प्रत्येक माह की 25 तारीख तक वेतन रजिस्टर लेखा पटल सहायक को उपलब्ध कराएं, ताकि वेतन भुगतान में किसी प्रकार की देरी न हो।
इस दौरान प्रधानाचार्यों द्वारा उठाई गई विभिन्न समस्याओं पर भी चर्चा की गई और उनके शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए। बैठक में अतुल तिवारी सहित अन्य अधिकारी एवं प्रधानाचार्य उपस्थित रहे।
