गोरखपुर
डीसीओ ने पिपराइच चीनी मिल का किया औचक निरीक्षण
आगामी पेराई सत्र 2026-27 की तैयारियों का लिया जायजा
गत सत्र की खामियां दूर कर मरम्मत कार्य में तेजी लाने के निर्देश
पिपराइच, गोरखपुर। जिला गन्ना अधिकारी (डीसीओ) पी.एन. सिंह ने बुधवार को महाप्रबंधक नवदीप शुक्ला एवं अन्य अधिकारियों के साथ पिपराइच चीनी मिल का औचक निरीक्षण कर मरम्मत कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने गत पेराई सत्र में सामने आई यांत्रिक खामियों को मानक गुणवत्ता के साथ दूर करने तथा आगामी पेराई सत्र के लिए सभी आवश्यक मरम्मत कार्य समय से पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीसीओ और जीएम मिल हाउस पहुंचे, जहां रोलर मरम्मत सहित विभिन्न यांत्रिक कार्यों और नए कल-पुर्जों के प्रतिस्थापन का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने मौके पर चल रहे कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति की समीक्षा की।
मुख्य अभियंता अजय कुमार, कार्यदायी संस्था इस्जैक के साइट इंचार्ज अरविंद कुमार सिंह तथा मुख्य रसायनज्ञ योगेश शर्मा ने मिल हाउस, डोगा, बॉयलर एवं अन्य इकाइयों में चल रहे मरम्मत कार्यों का भौतिक सत्यापन कराया। अधिकारियों को बताया गया कि मिल हाउस का कार्य पूर्ण हो चुका है, जबकि बॉयलिंग हाउस, मिंगलर एवं अन्य इकाइयों का लगभग 25 प्रतिशत कार्य पूरा कर लिया गया है। टरबाइन से संबंधित कार्य भी शीघ्र पूर्ण होने की संभावना जताई गई।
अधिकारियों ने बताया कि अक्टूबर माह तक ट्रायल रन का कार्य पूरा कर लिया जाएगा, जिससे आगामी पेराई सत्र का संचालन समय पर शुरू किया जा सके।
इस अवसर पर महाप्रबंधक गन्ना श्रीधर दूबे, एजीएम शिव कुमार तिवारी, गन्ना प्रबंधक मनोज तिवारी, निंदर सिंह, महेंद्र कुमार सिंह सहित चीनी मिल के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
