वाराणसी
जनता दर्शन में जिलाधिकारी ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं
समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए अधिकारियों को दिए निर्देश
कई मामलों का मौके पर हुआ समाधान, शेष शिकायतें संबंधित विभागों को भेजी गईं
वाराणसी। जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट स्थित अपने चैंबर में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान आमजन की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता कर शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी ने एक-एक फरियादी की समस्या को गंभीरता से सुना। प्राप्त शिकायतों में से कई मामलों का मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को बुलाकर समाधान कराया गया, जबकि अन्य शिकायतों को संबंधित विभागों के अधिकारियों को भेजते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि उनके पास भेजी गई जनसमस्याओं को मानवीय दृष्टिकोण से गंभीरता के साथ सुना जाए तथा शासन की मंशा के अनुरूप उनका गुणवत्तापूर्ण समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण कर फरियादियों को इसकी जानकारी भी उपलब्ध कराई जाए, ताकि उन्हें अपनी समस्या के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
