Connect with us

वाराणसी

वाराणसी एयरपोर्ट पर ‘हब एंड स्पोक’ विमान सेवा

Published

on

Loading...
Loading...

केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ने किया शुभारंभ, यात्रियों को मिलेगी वैश्विक कनेक्टिविटी

दिल्ली हब के माध्यम से यूरोप, अमेरिका और अन्य अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों तक आसान पहुंच

वाराणसी। लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, बाबतपुर पर गुरुवार को देश की महत्वाकांक्षी ‘हब एंड स्पोक’ विमान सेवा का शुभारंभ किया गया। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू ने कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए चार यात्रियों को बोर्डिंग पास प्रदान किया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री हंसराज विश्वकर्मा, नागरिक उड्डयन मंत्रालय के सचिव समीर कुमार, एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के अध्यक्ष विपिन कुमार, अपर सचिव पुनीत कंसल तथा मंडलायुक्त एस. राजलिंगम सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

भारत के विमानन इतिहास में महत्वपूर्ण कदम

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू ने कहा कि काशी की धरती आध्यात्मिक ऊर्जा से परिपूर्ण है और यहां से शुरू हो रही यह सेवा भारतीय विमानन क्षेत्र में नया इतिहास रचेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शुरू की गई यह पहल देश को वैश्विक विमानन केंद्र बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

नागरिक उड्डयन मंत्रालय के सचिव समीर कुमार ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत के नागरिक उड्डयन क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास हुआ है। वर्ष 2014 में देश में 74 हवाई अड्डे थे, जिनकी संख्या बढ़कर 160 से अधिक हो गई है। साथ ही हवाई यात्रियों की संख्या भी दोगुनी हुई है।

Advertisement

एयर इंडिया की नई सेवा से पूर्वांचल को मिलेगा बड़ा लाभ

एयर इंडिया ने वाराणसी से दिल्ली के माध्यम से विश्व के विभिन्न अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों को जोड़ने वाली अपनी पहली ‘हब एंड स्पोक’ उड़ान सेवा शुरू की है। इस मॉडल के तहत वाराणसी से दिल्ली पहुंचने वाले यात्रियों को दिल्ली हब के जरिए यूरोप, उत्तरी अमेरिका, खाड़ी देशों, दक्षिण-पूर्व एशिया तथा अन्य अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों तक बेहतर और सुगम कनेक्टिविटी उपलब्ध होगी।

एयर इंडिया के स्टेशन मैनेजर आतिफ इदरीश ने बताया कि इस मॉडल का उद्देश्य क्षेत्रीय शहरों को देश के प्रमुख विमानन केंद्रों से जोड़कर यात्रियों को अधिक विकल्प, बेहतर कनेक्शन समय और व्यापक अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि वाराणसी जैसे महत्वपूर्ण धार्मिक एवं सांस्कृतिक शहर को वैश्विक नेटवर्क से जोड़ना एयर इंडिया की रणनीति का अहम हिस्सा है।

पर्यटन, व्यापार और निवेश को मिलेगा बढ़ावा

वाराणसी एयरपोर्ट के निदेशक पुनीत गुप्ता ने कहा कि इस सेवा के शुरू होने से पूर्वांचल की हवाई कनेक्टिविटी को नई मजबूती मिलेगी। इससे न केवल अंतरराष्ट्रीय यात्रा आसान होगी, बल्कि पर्यटन, व्यापार, शिक्षा और निवेश के क्षेत्र में भी नई संभावनाएं विकसित होंगी।

अधिकारियों ने बताया विकास की दिशा में बड़ा कदम

कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने ‘हब एंड स्पोक’ विमान सेवा को पूर्वांचल के विकास तथा अंतरराष्ट्रीय संपर्क को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उनका कहना था कि इससे वाराणसी सहित पूरे पूर्वांचल क्षेत्र को वैश्विक स्तर पर नई पहचान और बेहतर अवसर प्राप्त होंगे।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page