गाजीपुर
साइबर सेल की तत्परता से यूपीआई फ्रॉड के शिकार युवक को मिली राहत
4100 रुपये की ठगी गई धनराशि शिकायतकर्ता के खाते में कराई गई वापस
साइबर हेल्पलाइन 1930 पर तत्काल शिकायत दर्ज कराने से मिली सफलता, पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की
गाजीपुर, बहरियाबाद। जनपद में साइबर अपराधों की रोकथाम एवं साइबर ठगी के मामलों में त्वरित कार्रवाई के क्रम में साइबर सेल थाना बहरियाबाद ने एक शिकायतकर्ता की ठगी गई धनराशि वापस कराकर सराहनीय कार्य किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना बहरियाबाद क्षेत्र के ग्राम उकरांव निवासी सूर्यजीत प्रसाद पुत्र जयमूरत राम के साथ यूपीआई के माध्यम से 4100 रुपये की साइबर ठगी हुई थी। घटना के तुरंत बाद उन्होंने साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत प्राप्त होते ही साइबर सेल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ठगी गई धनराशि को होल्ड कराया। इसके बाद भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C) द्वारा संचालित सीएफसीएफआरएमएस (CFCFRMS) के एमआरएम पोर्टल के माध्यम से पूरी 4100 रुपये की धनराशि सफलतापूर्वक शिकायतकर्ता के यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के खाते में वापस करा दी गई।
धनराशि वापस मिलने पर शिकायतकर्ता सूर्यजीत प्रसाद ने पुलिस टीम के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनकी सराहना की।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में शामिल रहे—
- थानाध्यक्ष बृजेश कुमार गुप्ता, थाना बहरियाबाद
- उपनिरीक्षक सलाहूद्दीन
- कांस्टेबल अंकित कुशवाहा
- कांस्टेबल अनुराग वर्मा
इस संबंध में थानाध्यक्ष बृजेश कुमार गुप्ता ने बताया कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर पीड़ित व्यक्ति को बिना समय गंवाए तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करानी चाहिए, ताकि समय रहते धनराशि को सुरक्षित कराया जा सके।
