भदोही
बीपीएससी में सफलता का परचम लहराने वाली दीपिका बिंद का भव्य स्वागत
एसडीएम पद पर चयनित होने पर स्टेशन से गांव तक निकला स्वागत जुलूस
गाजे-बाजे और नारों के बीच ज्ञानपुर रोड स्टेशन पर हुआ अभिनंदन
भदोही। बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की परीक्षा में 66वीं रैंक हासिल कर एसडीएम पद पर चयनित हुईं भदोही की बेटी दीपिका बिंद का बुधवार को गोपीगंज पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। नई दिल्ली से बनारस सुपरफास्ट ट्रेन द्वारा ज्ञानपुर रोड रेलवे स्टेशन पहुंचीं दीपिका का परिजनों, ग्रामीणों और शुभचिंतकों ने गाजे-बाजे, माल्यार्पण और फूल-मालाओं के साथ जोरदार अभिनंदन किया।
स्टेशन परिसर नारों से गूंज उठा
दीपिका के आगमन की सूचना मिलते ही सुबह से ही बड़ी संख्या में गांव के लोग और परिजन रेलवे स्टेशन पर एकत्र हो गए थे। जैसे ही ट्रेन प्लेटफार्म पर पहुंची, पूरा स्टेशन परिसर “दीपिका बिंद जिंदाबाद” के नारों से गूंज उठा। स्वागत के बाद दीपिका वाहनों के लंबे काफिले के साथ अपने पैतृक गांव बिंदनगर बवई के लिए रवाना हुईं।
शिक्षा और संघर्ष की मिसाल हैं दीपिका
प्रधानाध्यापक दिनेश बिंद की पुत्री दीपिका बिंद ने बीपीएससी परीक्षा में 66वीं रैंक प्राप्त कर एसडीएम पद हासिल किया है। उन्होंने इंटरमीडिएट परीक्षा में प्रदेश में पांचवां स्थान प्राप्त किया था। इसके बाद प्रयागराज के क्रिश्चियन कॉलेज से बीएससी में गोल्ड मेडल हासिल किया। बीएचयू से एमए करने के बाद वर्ष 2023 में वह यूपीएससी के इंटरव्यू तक पहुंचीं, लेकिन मात्र 11 अंकों से चयन से चूक गईं। वर्ष 2024 में उन्होंने यूपीपीसीएस का इंटरव्यू भी दिया था।
जिला पंचायत सदस्य का चुनाव भी जीत चुकी हैं
दीपिका की उपलब्धियों में एक और विशेष उपलब्धि यह है कि वर्ष 2015 में उन्होंने जिला पंचायत सदस्य का चुनाव जीतकर जनप्रतिनिधित्व का अनुभव भी प्राप्त किया था।
शिवांगी पांडेय ने भी बढ़ाया जिले का मान
बीपीएससी परीक्षा में भदोही जिले की एक अन्य प्रतिभाशाली बेटी शिवांगी पांडेय ने 82वीं रैंक प्राप्त कर डीएसपी पद पर चयन हासिल किया है। शिवांगी इनारगांव दुहिया की निवासी हैं। दोनों बेटियों की सफलता से जिले में खुशी का माहौल है।
बेटियों की सफलता बनी प्रेरणा
स्वागत समारोह के दौरान क्षेत्रीय लोगों ने कहा कि दीपिका और शिवांगी की उपलब्धियां जिले की बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनकी सफलता यह संदेश देती है कि दृढ़ संकल्प, मेहनत और लगन से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
