Connect with us

वाराणसी

अधिवक्ता के घर में घुसकर तोड़फोड़ और मारपीट, 60-70 अज्ञात समेत कई नामजद पर मुकदमा दर्ज

Published

on

Loading...
Loading...

सीसीटीवी में कैद हुई पूरी वारदात, आरोपियों की पहचान में जुटी पुलिस

भेलूपुर थाना क्षेत्र के रानीपुर की घटना, घर का ताला तोड़कर घुसने का आरोप

वाराणसी। भेलूपुर थाना क्षेत्र के रानीपुर इलाके में एक अधिवक्ता के घर में घुसकर तोड़फोड़, मारपीट और उत्पात मचाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है। पीड़ित अधिवक्ता की शिकायत पर पुलिस ने कई नामजद आरोपियों समेत 60 से 70 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना की पूरी तस्वीर घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।

विरोध करने पर परिवार के लोगों से की गई मारपीट

रानीपुर निवासी अधिवक्ता विशाल नारायण सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि सोमवार दोपहर बड़ी संख्या में लोग उनके घर पहुंचे। आरोप है कि हमलावरों ने घर का ताला तोड़कर जबरन प्रवेश किया और घर के भीतर जमकर तोड़फोड़ की। इस दौरान ईंट-पत्थर चलाकर उत्पात मचाया गया तथा विरोध करने पर घर में मौजूद लोगों के साथ मारपीट भी की गई।

घटना से परिवार में दहशत, भीड़ जुटने पर फरार हुए आरोपी

पीड़ित के अनुसार, हमलावरों ने घर के सामान को नुकसान पहुंचाया और पूरे परिवार में भय का माहौल पैदा कर दिया। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुटने लगे, जिसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गए।

Advertisement

पुलिस ने विभिन्न धाराओं में दर्ज किया मुकदमा

पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर बंशी, रवि, सुनील, राजेश सेठ, जालपा देवी, अनिल, जीत, कन्हैया और रामलखन समेत 60 से 70 अज्ञात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस का कहना है कि अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है।

वीडियो के आधार पर आरोपियों की तलाश तेज

घटना के दौरान घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी वारदात रिकॉर्ड हो गई। पुलिस फुटेज की जांच कर रही है और उसमें दिखाई दे रहे लोगों की पहचान कर गिरफ्तारी की तैयारी में जुटी है।

दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा : पुलिस

भेलूपुर थाना प्रभारी दुर्गा सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस के अनुसार, घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही नामजद तथा अज्ञात आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जाएगी।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page