वाराणसी
आशापुर में गेल का 46वां सीएनजी स्टेशन शुरू, स्वच्छ ईंधन को मिलेगा बढ़ावा
वाराणसी। गैस अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (गेल) ने आशापुर क्षेत्र में अपने 46वें सीएनजी स्टेशन का शुभारंभ किया। इस नए स्टेशन के शुरू होने से क्षेत्रीय नागरिकों और वाहन चालकों को स्वच्छ, सस्ता और सुलभ ईंधन उपलब्ध हो सकेगा।सीएनजी स्टेशन का उद्घाटन गेल के कार्यकारी निदेशक (सीजीडी) आशु शिंगल ने किया। उन्होंने कहा कि गेल वाराणसी में स्वच्छ ऊर्जा के विस्तार के लिए लगातार कार्य कर रहा है। कंपनी अधिक से अधिक घरों तक पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) पहुंचाने और घरेलू गैस कनेक्शनों की संख्या बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने लोगों से पीएनजी अपनाने की अपील करते हुए कहा कि इससे एलपीजी सिलेंडरों की उपलब्धता ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ेगी और वहां के उपभोक्ताओं को अधिक लाभ मिलेगा।उद्घाटन समारोह में महाप्रबंधक सुशील कुमार, मुख्य प्रबंधक प्रवीण सिंह, चंदन कुमार समेत आनंद मोहन, देबाशीष साहू, जे. आकाश, सुमित सागर और विकास कुमार सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल) के प्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।गेल के अनुसार, इस स्टेशन के साथ वाराणसी में कंपनी द्वारा संचालित सीएनजी स्टेशनों की संख्या बढ़कर 46 हो गई है। इससे शहर में सीएनजी नेटवर्क और मजबूत होगा तथा नागरिकों को स्वच्छ ईंधन की बेहतर सुविधा मिलेगी।कंपनी ने बताया कि सीएनजी पारंपरिक ईंधनों की तुलना में कम प्रदूषण फैलाती है, वाहनों की कार्यक्षमता बढ़ाती है और रखरखाव खर्च को कम करती है। साथ ही कार्बन उत्सर्जन में कमी लाकर पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।गेल वाराणसी में सीएनजी और पीएनजी नेटवर्क के विस्तार के साथ आधुनिक तकनीक, उच्च सुरक्षा मानकों और विश्वसनीय आपूर्ति के जरिए बेहतर ऊर्जा समाधान उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य कर रहा है। कंपनी का यह कदम वाराणसी को स्वच्छ, हरित और प्रदूषण मुक्त शहर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
