Connect with us

गाजीपुर

ब्लॉक प्रमुख हीरा सिंह यादव पर जानलेवा हमला लोकतंत्र पर हमला, दोषियों को मिले कड़ी सजा : यादव महासभा

Published

on

Loading...
Loading...

प्रतिनिधिमंडल ने सैदपुर पहुंचकर जताई एकजुटता, निष्पक्ष जांच और कठोर कार्रवाई की मांग

जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा पर उठे गंभीर सवाल, दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग

सैदपुर (गाजीपुर)। सैदपुर ब्लॉक प्रमुख हीरा सिंह यादव पर हुए कथित प्राणघातक हमले को लेकर राजनीतिक एवं सामाजिक संगठनों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा, गाजीपुर के प्रतिनिधिमंडल ने कार्यकारी जिलाध्यक्ष रामज्ञान यादव के नेतृत्व में सैदपुर स्थित ब्लॉक प्रमुख के आवास पहुंचकर उनसे मुलाकात की, घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया तथा प्रशासन से दोषियों के विरुद्ध कठोर एवं निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की।

प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने कहा कि किसी निर्वाचित जनप्रतिनिधि पर इस प्रकार का हमला केवल एक व्यक्ति पर नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था और जनता के विश्वास पर सीधा प्रहार है। यदि जनप्रतिनिधि ही सुरक्षित नहीं हैं तो आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर प्रश्न खड़े होना स्वाभाविक है।

कानून-व्यवस्था और राजनीतिक माहौल पर उठे सवाल

Advertisement

यादव महासभा के राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य एवं पूर्व डीआईजी बलिकरन सिंह यादव ने कहा कि सैदपुर ब्लॉक प्रमुख पर हुआ हमला प्रदेश की कानून-व्यवस्था और वर्तमान राजनीतिक वातावरण पर गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने कहा कि राजनीति का स्वरूप लगातार विषाक्त होता जा रहा है, जिससे जनसेवा के लिए चुने गए प्रतिनिधि भी स्वयं को असुरक्षित महसूस करने लगे हैं।

उन्होंने कहा कि यदि अपराधियों के खिलाफ समय रहते कठोर कार्रवाई नहीं हुई तो समाज में अराजकता का माहौल पैदा हो सकता है। कानून का भय समाप्त होने पर लोकतांत्रिक मूल्यों और सामाजिक व्यवस्था को गंभीर नुकसान पहुंचेगा।

दोषियों की गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग

पूर्व डीआईजी बलिकरन सिंह यादव ने प्रशासन से मांग की कि घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए तथा उन्हें ऐसी सजा दी जाए जो भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं के लिए नजीर बने।

प्रतिनिधिमंडल में पूर्व डीआईजी बलिकरन सिंह यादव, कार्यकारी जिलाध्यक्ष रामज्ञान सिंह यादव, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं बार काउंसिल अध्यक्ष रामयश यादव, शिवपूजन यादव, जिला मार्गदर्शक एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष छोटेलाल यादव, सैनिक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष सुरेंद्र यादव तथा महासचिव अभयनाथ यादव सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Advertisement

लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए एकजुट होने का आह्वान

यादव महासभा एवं पिछड़ा-दलित महासंघ गाजीपुर के जिलाध्यक्ष सुजीत ‘साइकिल’ ने सोशल मीडिया के माध्यम से ब्लॉक प्रमुख हीरा सिंह यादव से बातचीत कर घटना की निंदा की और हर परिस्थिति में साथ खड़े रहने का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में हिंसा और भय का कोई स्थान नहीं है। राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हो सकते हैं, लेकिन किसी जनप्रतिनिधि पर जानलेवा हमला सभ्य समाज के लिए अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और अस्वीकार्य है।

उन्होंने कहा कि यह केवल एक व्यक्ति का मामला नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों और कानून के शासन की रक्षा का विषय है। समाज के सभी वर्गों को ऐसी घटनाओं के खिलाफ एकजुट होकर आवाज उठानी चाहिए ताकि हिंसा और अपराध की राजनीति को बढ़ावा न मिले।

आंदोलन की चेतावनी

यादव महासभा ने स्पष्ट किया कि यदि दोषियों के विरुद्ध शीघ्र और प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन लोकतांत्रिक तरीके से व्यापक आंदोलन की रणनीति पर विचार करेगा। संगठन ने प्रशासन से घटना की निष्पक्ष जांच कर पीड़ित पक्ष को न्याय दिलाने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page