Connect with us

गाजीपुर

एक दिन पहले घर से निकला युवक मृत मिला, क्षेत्र में सनसनी

Published

on

Loading...
Loading...

बाठा गांव के पास संदिग्ध हालात में मिला शव, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

भांवरकोल पुलिस ने शव कब्जे में लेकर शुरू की जांच, परिजनों में मचा कोहराम

भांवरकोल (गाजीपुर)। थाना क्षेत्र के बाठा गांव के समीप शनिवार सुबह एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान कोटवा (सिकंदरपुर) बाजार निवासी राजेश गुप्ता उर्फ रुखी (35) पुत्र अशोक गुप्ता के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार राजेश शुक्रवार दोपहर किसी काम से घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। काफी तलाश के बाद भी उनका कोई सुराग नहीं मिला।

शनिवार सुबह बाठा गांव के पास एक युवक का शव पड़े होने की सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे। मृतक के पिता अशोक गुप्ता ने शव की पहचान अपने पुत्र राजेश के रूप में की। शव देखते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां विद्या देवी समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Advertisement

ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची भांवरकोल पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ कर जानकारी जुटाई। फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आ सका है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा खुलासा

थानाध्यक्ष संतोष कुमार राय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं और लोग मौत की वजह को लेकर अटकलें लगा रहे हैं। पुलिस ने कहा है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page