गाजीपुर
बुढनपुर में आवास पात्रता सूची के सत्यापन हेतु खुली बैठक आयोजित
ग्राम सचिवालय में हुई बैठक, पात्रता सूची के अंतिम सत्यापन की प्रक्रिया पूरी
सादात (गाजीपुर)। विकास खंड सादात की ग्राम सभा बुढनपुर में वित्तीय वर्ष 2024-25 की आवास पात्रता सूची के अंतिम सत्यापन एवं ऑनलाइन अपलोडिंग के लिए ग्राम सचिवालय परिसर में खुली बैठक आयोजित की गई। बैठक में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर पात्रता सूची का अवलोकन किया और अपने सुझाव प्रस्तुत किए।
बैठक में एडीओ एसटी आनंद कुमार नोडल अधिकारी के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ ग्राम पंचायत सचिव विजय मौर्य, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अरविंद राजभर, पंचायत सहायक दीपक यादव, प्यारेलाल राम सहित ग्राम सभा के अनेक सदस्य और ग्रामीण मौजूद रहे।
खुली बैठक के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना के संभावित पात्र लाभार्थियों की सूची पर विस्तार से चर्चा की गई। ग्रामीणों की सहमति एवं सुझावों के आधार पर सूची का अंतिम सत्यापन किया गया तथा उसे ऑनलाइन अपलोड करने की प्रक्रिया के लिए आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की गईं।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष ग्रामीणों ने भाग लेकर पूरी प्रक्रिया को देखा। ग्रामीणों ने कहा कि खुली बैठक के माध्यम से पात्रता सूची का सत्यापन होने से पारदर्शिता सुनिश्चित हुई है और सभी को अपनी बात रखने का अवसर मिला है।
ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान एवं पंचायत प्रशासन के सहयोगात्मक रवैये की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी पारदर्शी कार्यप्रणाली से शासन की योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्र लोगों तक पहुंचाने में सहायता मिलेगी। उन्होंने खुली बैठक आयोजित करने के लिए ग्राम पंचायत का आभार भी व्यक्त किया।
