Connect with us

गाजीपुर

बहेरी गांव के पास अज्ञात अधेड़ का शव मिलने से सनसनी, पहचान में जुटी पुलिस

Published

on

Loading...
Loading...

पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव, सोशल मीडिया के जरिए कराई जा रही शिनाख्त की कोशिश

खानपुर (गाजीपुर)। खानपुर थाना क्षेत्र के बहेरी गांव के समीप शुक्रवार को सड़क किनारे एक अज्ञात अधेड़ का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मृतक की पहचान कराने के प्रयास शुरू कर दिए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार दोपहर राहगीरों ने सड़क किनारे एक व्यक्ति को मृत अवस्था में पड़ा देखा। इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी राजीव कुमार पाण्डेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र लगभग 50 वर्ष प्रतीत हो रही है। उसके शरीर के ऊपरी हिस्से पर कोई वस्त्र नहीं था, जबकि उसने नीचे नीले रंग की लुंगी पहन रखी थी। प्रारंभिक जांच में शरीर पर किसी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए हैं।

पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

Advertisement

थाना प्रभारी राजीव कुमार पाण्डेय ने बताया कि प्रथम दृष्टया मृतक मानसिक रूप से अस्वस्थ अथवा विक्षिप्त प्रतीत हो रहा है। उसकी पहचान सुनिश्चित करने के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और विभिन्न व्हाट्सएप समूहों के माध्यम से सूचना प्रसारित की जा रही है। यदि पहचान नहीं हो पाती है तो नियमानुसार शव का सम्मानपूर्वक अंतिम संस्कार कराया जाएगा।

इस बीच फरीदहा के प्रधान प्रतिनिधि एवं समाजसेवी पिंटू यादव ने मानवीय संवेदनाओं का परिचय देते हुए अपने वाहन से शव को पोस्टमार्टम हाउस तक पहुंचाने में सहयोग किया। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मृतक के संबंध में कोई भी जानकारी होने पर तत्काल थाना खानपुर से संपर्क करें।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page