वाराणसी
राहुल गांधी का जन्मदिन भगवान परशुराम के स्वरूप में मनाया गया
गंगा तट पर दूध से अभिषेक, वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुआ आयोजन
वाराणसी। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं रायबरेली सांसद राहुल गांधी का 56वां जन्मदिन शुक्रवार को काशी में अनोखे अंदाज में मनाया गया। युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी को भगवान परशुराम के स्वरूप में दर्शाते हुए उनका जन्मदिवस गंगा तट पर वैदिक मंत्रोच्चार और दूध अभिषेक के साथ मनाया।
एक हाथ में फरसा, दूसरे में संविधान की पुस्तक
आयोजन के दौरान प्रदर्शित तस्वीर में राहुल गांधी को भगवान परशुराम के स्वरूप में दिखाया गया, जिसमें उनके एक हाथ में फरसा और दूसरे हाथ में संविधान की पुस्तक दिखाई गई। कार्यक्रम में शामिल कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इसे संविधान की रक्षा और सामाजिक न्याय के संदेश से जोड़कर प्रस्तुत किया।
गंगा तट पर किया गया विशेष पूजन
कार्यक्रम में ब्राह्मणों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच राहुल गांधी की तस्वीर का दूध से अभिषेक किया गया। साथ ही मां गंगा और बाबा विश्वनाथ से उनके स्वस्थ, दीर्घ एवं सफल जीवन की कामना की गई।
राहुल गांधी को गरीबों और वंचितों की आवाज बताया
युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष एवं अधिवक्ता विकास सिंह ने कहा कि राहुल गांधी देश के गरीबों, किसानों, युवाओं, मजदूरों और वंचित वर्गों की आवाज हैं। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार भगवान परशुराम ने धर्म और न्याय की रक्षा के लिए कार्य किया था, उसी प्रकार राहुल गांधी संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए संघर्ष कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और सामाजिक असमानता जैसे मुद्दों पर राहुल गांधी लगातार जनता की आवाज उठाते रहे हैं। इसी भावना को प्रदर्शित करने के लिए उन्हें परशुराम स्वरूप में दर्शाया गया।
कई कार्यकर्ता रहे मौजूद
इस अवसर पर युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष एवं अधिवक्ता विकास सिंह, अनुरेश सिंह, आशुतोष सिंह, अधिवक्ता दीपक उपाध्याय, अधिवक्ता अखिलेश सिंह, अजहर खान, सुनील मिश्रा, मोहन यादव सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
जनसेवा और संविधान रक्षा का लिया संकल्प
कार्यक्रम में उपस्थित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के नेतृत्व में सामाजिक न्याय, संवैधानिक मूल्यों और जनहित के मुद्दों के लिए कार्य करने का संकल्प दोहराया। साथ ही उनके उज्ज्वल भविष्य और दीर्घायु की कामना की गई।
