आजमगढ़
यूपी सरकार का डिजिटल कदम, ‘सूचना प्रवाह’ यूट्यूब चैनल का शुभारंभ
आजमगढ़। उत्तर प्रदेश सरकार के सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा डिजिटल संचार को अधिक सशक्त और प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए विभाग के आधिकारिक यूट्यूब चैनल “सूचना प्रवाह” का शुभारंभ किया गया। यह उद्घाटन लोक भवन, लखनऊ में किया गया।
सूचना निदेशक ने किया शुभारंभ
चैनल का शुभारंभ सूचना निदेशक विशाल सिंह एवं अपर सूचना निदेशक अरविंद कुमार मिश्र द्वारा किया गया। इस अवसर पर निर्माता फिल्म अभय कुमार श्रीवास्तव, फिल्म निर्माण प्रबंधक संदीप पांडेय सहित सूचना विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
जनता तक पहुंचेगी प्रमाणिक और त्वरित जानकारी
“सूचना प्रवाह” उत्तर प्रदेश सूचना एवं जनसंपर्क विभाग का आधिकारिक डिजिटल मंच होगा। इसके माध्यम से प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास परियोजनाओं, महत्वपूर्ण निर्णयों, उपलब्धियों और जनहितकारी कार्यक्रमों की प्रमाणिक एवं तथ्यपरक जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाएगी।
इसके साथ ही विभाग द्वारा निर्मित वृत्तचित्र, विशेष रिपोर्ट, प्रेरणादायक वीडियो, सरकारी अभियानों और महत्वपूर्ण आयोजनों का भी नियमित प्रसारण इस चैनल पर किया जाएगा।
सूचना निदेशक का बयान
सूचना निदेशक विशाल सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में डिजिटल मीडिया जनसंचार का सबसे प्रभावी माध्यम बन चुका है। ऐसे में “सूचना प्रवाह” यूट्यूब चैनल सरकार और जनता के बीच संवाद का सशक्त माध्यम सिद्ध होगा।
उन्होंने कहा कि इस प्लेटफॉर्म के जरिए नागरिकों को सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों की सरल, सहज और विश्वसनीय जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
आधुनिक तकनीक के साथ जनसंचार का विस्तार
अपर सूचना निदेशक अरविंद कुमार मिश्र ने कहा कि विभाग आधुनिक तकनीकों को अपनाते हुए जनसंचार के नए आयाम स्थापित कर रहा है। “सूचना प्रवाह” के माध्यम से प्रदेश की विकास यात्रा और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंचाया जाएगा।
डिजिटल संवाद को मिलेगी नई मजबूती
यह यूट्यूब चैनल सरकार की उपलब्धियों और जनहित से जुड़ी सूचनाओं के प्रसार का एक प्रभावी मंच बनेगा, जिससे शासन और आमजन के बीच संवाद और अधिक मजबूत होगा।
