गाजीपुर
रायफल क्लब परिसर में विकास प्रदर्शनी एवं मेले का आयोजन, गाजीपुर पुलिस के स्टॉल बने आकर्षण का केंद्र
सुरक्षा, जागरूकता और तकनीकी जानकारी से रूबरू हुए नागरिक
गाजीपुर। जिला प्रशासन के तत्वावधान में रायफल क्लब परिसर में आयोजित “विकास प्रदर्शनी एवं मेला” में विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं की जानकारी दी गई। इस दौरान गाजीपुर पुलिस द्वारा लगाए गए जन-जागरूकता स्टॉल लोगों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहे।

यातायात पुलिस ने बताए सड़क सुरक्षा के नियम
यातायात पुलिस के स्टॉल पर नागरिकों को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक किया गया। पुलिसकर्मियों ने हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग, यातायात संकेतों के पालन तथा सुरक्षित वाहन संचालन के महत्व की जानकारी दी। स्टॉल पर ट्रैफिक कोन, रिफ्लेक्टर लाइट, वॉकी-टॉकी और अन्य सुरक्षा उपकरणों का प्रदर्शन भी किया गया।

मिशन शक्ति और अग्निशमन विभाग ने दी महत्वपूर्ण जानकारी
“मिशन शक्ति 5.0” स्टॉल पर महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा से संबंधित योजनाओं एवं हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। महिला पुलिसकर्मियों ने 1090, 181, 112, 1076 और 1098 जैसी सेवाओं के बारे में विस्तार से बताया।
वहीं अग्निशमन विभाग के स्टॉल पर आग लगने जैसी आपात स्थितियों से निपटने के लिए उपयोग किए जाने वाले उपकरणों का प्रदर्शन किया गया। फायर एक्सटिंग्विशर, होज़ पाइप और लाइफ बॉय जैसे उपकरणों के प्रयोग की जानकारी भी नागरिकों को दी गई।

साइबर सेल ने डिजिटल सुरक्षा के प्रति किया जागरूक
साइबर सेल के स्टॉल पर ऑनलाइन धोखाधड़ी, सोशल मीडिया हैकिंग, फर्जी लिंक और साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए गए। विशेषज्ञों ने नागरिकों को साइबर अपराध की शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर 1930 के उपयोग के प्रति भी जागरूक किया।
बड़ी संख्या में पहुंचे नागरिक
विकास प्रदर्शनी एवं मेले में स्थानीय नागरिकों, स्कूली विद्यार्थियों और विभिन्न क्षेत्रों के प्रबुद्धजनों ने बड़ी संख्या में सहभागिता की। पुलिस विभाग के स्टॉलों ने लोगों को सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी देने के साथ-साथ पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने का भी कार्य किया।
