Connect with us

मिर्ज़ापुर

संदिग्ध परिस्थितियों में खपरैल मकान में लगी आग, एक लाख नकद समेत गृहस्थी का सामान राख

Published

on

Loading...
Loading...

सो रही महिला ने दो बच्चों के साथ भागकर बचाई जान, टला बड़ा हादसा

फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया आग पर काबू, पीड़िता ने मांगी सहायता

ड्रमंडगंज। क्षेत्र के लहुरियादह गांव में बुधवार देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में एक खपरैल के मकान में आग लग गई। हादसे में एक लाख रुपये नकद सहित गृहस्थी का अधिकांश सामान जलकर राख हो गया। संयोगवश घर में सो रही महिला की समय रहते नींद खुल गई, जिससे वह अपने दो बच्चों के साथ सुरक्षित बाहर निकल सकी और बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार, लहुरियादह गांव निवासी पन्नालाल धइकार के खपरैल मकान में रात करीब एक बजे अचानक आग लग गई। उस समय उनकी पत्नी सोनू देवी अपने दो बच्चों के साथ घर के भीतर सो रही थीं। आग की लपटें उठने पर उनकी नींद खुली तो उन्होंने घर को जलता देखा। उन्होंने तत्काल बच्चों को बाहर निकाला और शोर मचाकर ग्रामीणों को सूचना दी।

महिला की आवाज सुनकर ग्रामीण बाल्टी और डिब्बों में पानी लेकर मौके पर पहुंचे तथा आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक आग विकराल रूप धारण कर चुकी थी। सूचना मिलने पर पहुंची फायर ब्रिगेड टीम के कर्मियों सोहनलाल, वेद प्रकाश, राजेश कुमार और सुभाष कुमार ने काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया।

Advertisement

हालांकि तब तक घर में रखा करीब एक लाख रुपये नकद, खाद्यान्न, सोने-चांदी के आभूषण, कूलर, मोबाइल फोन, चारपाई, कपड़े तथा अन्य घरेलू सामान जलकर नष्ट हो चुका था।

घटना की सूचना पर प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार भी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच-पड़ताल की। पीड़िता सोनू देवी ने बताया कि उनके पति रोजगार के सिलसिले में बाहर गए हुए हैं और घर की छत बनवाने के लिए एक लाख रुपये भेजे थे, जो अटैची में रखे थे तथा आग में जल गए।

पीड़ित परिवार ने तहसील प्रशासन से आर्थिक सहायता और मुआवजे की मांग की है। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है और मामले की जांच की जा रही है।

Continue Reading
Advertisement
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page