Connect with us

गोरखपुर

रोहिन नदी में नहाने गए दो मासूम डूबे, एक की मौत, एक की तलाश जारी

Published

on

Loading...
Loading...

एनडीआरएफ का सर्च ऑपरेशन जारी, गांव में पसरा मातम

इलाज के दौरान एक बच्चे की मौत, दूसरी बच्ची की तलाश में जुटी टीम

गोरखपुर। तिवारीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रोहिन नदी में मंगलवार को दर्दनाक हादसा हो गया, जहां नहाने गए दो मासूम बच्चे डूब गए। इस घटना में 12 वर्षीय सर्वेश यादव की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि 9 वर्षीय पिहू की तलाश एनडीआरएफ की टीम द्वारा लगातार की जा रही है। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

खेलते-खेलते नदी किनारे पहुंचे बच्चे

जानकारी के अनुसार सर्वेश यादव (12) पुत्र सतीश यादव, निवासी मानीराम चिलुआताल थाना क्षेत्र, अपने ननिहाल तकिया कवलदह पथरकट टोला आया हुआ था। वह अपने मामा विक्की यादव के घर ठहरा हुआ था। मंगलवार को करीब साढ़े ग्यारह बजे वह अपने मामा की बेटी पिहू (9) के साथ घर से निकला और खेलते-खेलते रोहिन नदी के किनारे पहुंच गया।

Advertisement

रास्ते में उन्हें कुछ अन्य बच्चे भी मिल गए, जो भैंस चरा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सभी बच्चे नदी में नहाने उतर गए।

गहराई में जाने से हुआ हादसा

नहाने के दौरान अचानक गहराई में चले जाने से सर्वेश और पिहू डूबने लगे। यह देख वहां मौजूद अन्य बच्चे घबरा गए और चिल्लाते हुए गांव की ओर भागे। उनके शोर मचाने पर गांव में अफरा-तफरी मच गई और परिजन व ग्रामीण मौके की ओर दौड़ पड़े।

एनडीआरएफ का रेस्क्यू ऑपरेशन

Advertisement

सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया और काफी प्रयास के बाद सर्वेश यादव को नदी से बाहर निकाला गया। उसे जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां से मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

वहीं पिहू की तलाश के लिए एनडीआरएफ की टीम लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है, लेकिन देर शाम तक उसका कोई सुराग नहीं लग सका था।

गांव में पसरा मातम

बताया जा रहा है कि सर्वेश दो भाइयों में बड़ा था और कक्षा चार का छात्र था, जबकि पिहू दो बहनों में छोटी थी और कक्षा दो में पढ़ती थी। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत कार्यों की निगरानी की। परिजनों को ढांढस बंधाया गया तथा हर संभव सहायता का आश्वासन दिया गया।

Advertisement

लगातार जारी है तलाश

फिलहाल एनडीआरएफ की टीम पिहू की तलाश में लगातार जुटी हुई है और प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। इस हादसे ने एक बार फिर नदी-नालों में बिना सुरक्षा के नहाने के खतरों को उजागर कर दिया है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page