गाजीपुर
मोहर्रम को लेकर बहरियाबाद थाने में पीस कमेटी की बैठक संपन्न
ताजियेदारों, अखाड़ा प्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने लिया भाग
बहरियाबाद (गाजीपुर)। मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से बहरियाबाद थाना परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में ताजियेदारों, अखाड़ों के प्रतिनिधियों तथा क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों ने भाग लिया।
थानाध्यक्ष ने शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की
बैठक को संबोधित करते हुए थानाध्यक्ष बृजेश कुमार ने कहा कि मोहर्रम का पर्व आपसी भाईचारे और शांति के साथ मनाया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार का नया कार्य या नई परंपरा शुरू नहीं की जाएगी। यदि कोई शरारती तत्व माहौल खराब करने या अराजकता फैलाने का प्रयास करे तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी जाए।
उन्होंने कहा कि सभी जुलूस निर्धारित मार्गों और तय समय के अनुसार ही निकाले जाएं, ताकि किसी प्रकार की असुविधा या अव्यवस्था उत्पन्न न हो।
जुलूस मार्ग और ताजिया स्थलों की समस्याओं पर हुई चर्चा
बैठक के दौरान थानाध्यक्ष ने बहरियाबाद कस्बा सहित दरगाह, मलिकनगांव, पलिवार, देईपुर आदि गांवों में स्थापित किए जाने वाले ताजियों, चौकों तथा जुलूस मार्गों से संबंधित समस्याओं की जानकारी ली।
इसके अलावा दसवीं मोहर्रम को उत्तर एवं दक्षिण मुहल्लों से निकलने वाले जुलूसों के संबंध में भी विस्तृत चर्चा की गई। जिम्मेदार लोगों और प्रतिनिधियों से जुलूस मार्गों की साफ-सफाई तथा आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने का अनुरोध किया गया।
कई गणमान्य लोग रहे उपस्थित
बैठक में ताजियादार मुन्तजिर इमाम, शहंशाह, शमीमुलवरा, सलीम अंसारी, अब्दुल खालिक, हाजी फरीद, नेसार फैज, अबरार अंसारी, शारिब, एनाम अख्तर, संजू, अनवर हसन, मुश्ताक अहमद सहित अनेक लोग मौजूद रहे।
सौहार्दपूर्ण माहौल में मोहर्रम मनाने पर जोर
बैठक में सभी उपस्थित लोगों ने प्रशासन को सहयोग देने और मोहर्रम पर्व को शांति, भाईचारे एवं पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न कराने का भरोसा दिलाया।
