गाजीपुर
जंगीपुर विधानसभा में भाजपा नेता सकठा प्रसाद मिश्रा का जनसंपर्क अभियान तेज, मिल रहा व्यापक जनसमर्थन
बिरनो (गाजीपुर)। जंगीपुर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा नेता सकठा प्रसाद मिश्रा द्वारा चलाया जा रहा जनसंपर्क अभियान लगातार गति पकड़ रहा है। मरदह दक्षिणी, सदर पूर्वी, भोजापुर तथा सुहवल मंडलों के विभिन्न गांवों में पहुंचकर वे आमजन से संवाद स्थापित कर रहे हैं। अभियान के दौरान उन्हें युवाओं, बुजुर्गों एवं सम्मानित नागरिकों का व्यापक समर्थन प्राप्त हो रहा है।
जनसंपर्क कार्यक्रम के तहत सकठा प्रसाद मिश्रा ने मरदह दक्षिणी एवं सदर पूर्वी मंडल के चौराबोझ, तिलाड़ी, सर्वानडीह, रूहीपुर तथा सुहवल मंडल के चकिया, तरछा, सुसंडी सहित कई गांवों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र की मोदी सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों, विकास कार्यों तथा जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाई।
भाजपा नेता ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन और जनहित के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंच रहा है, जिससे लोगों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आया है।
कार्यक्रम के दौरान उन्होंने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण भी किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि जनता का उत्साह और समर्थन इस बात का प्रमाण है कि जंगीपुर विधानसभा क्षेत्र विकास, सुशासन और सकारात्मक परिवर्तन की दिशा में आगे बढ़ने के लिए तैयार है।
जनसंपर्क अभियान में पंकज राय, राजकुमार सिंह, राममिलन पहलवान, राजेश दुबे, कन्हैया राजभर, रोहित यादव, बिपिन राय, सुरेन्द्र शर्मा, अमरजीत राजभर, पूर्व प्रधान रमेश मिश्रा, चन्भन राजभर, ग्राम प्रधान सहित सैकड़ों कार्यकर्ता एवं सम्मानित नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी देखने को मिली।
