आजमगढ़
पिता के निधन के बाद संघर्षपूर्ण जीवन जी रहे अभि यादव का तीन माह से चल रहा उपचार, समाजसेवियों ने बढ़ाया हौसला
महराजगंज (आजमगढ़)। समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय कुम्हवट ग्राम सभा के समाजसेवी संत प्रसाद यादव उर्फ मुन्ना यादव ने गंभीर बीमारी से जूझ रहे एक गरीब परिवार के किशोर की सहायता कर मानवता की मिसाल पेश की है।
जानकारी के अनुसार अभि यादव बचपन से ही कठिन परिस्थितियों का सामना कर रहा है। जब वह मात्र दो वर्ष का था, तभी उसके पिता महेंद्र यादव का निधन हो गया था। इसके बाद उसकी मां रेनू यादव ने अकेले ही उसका पालन-पोषण किया। वर्तमान में अभि दुर्लभ बीमारी अप्लास्टिक एनीमिया से पीड़ित है और पिछले करीब तीन महीनों से लखनऊ स्थित पीजीआई में
उपचाराधीन है। बीमारी के चलते उसे लगातार रक्त और प्लेटलेट्स की आवश्यकता पड़ रही है।
परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने की जानकारी मिलने पर समाजसेवी मुन्ना यादव स्वयं पीजीआई पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर अभि के इलाज के लिए 31,001 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। उन्होंने परिवार को हरसंभव मदद का आश्वासन भी दिया।
इस दौरान उनके साथ कई समर्थक, शुभचिंतक और स्थानीय लोग मौजूद रहे, जिन्होंने परिवार का मनोबल बढ़ाया और बच्चे के बेहतर इलाज के लिए सहयोग का संदेश दिया।
मुन्ना यादव ने कहा कि “मानवता सबसे बड़ा धर्म है और समाज के सक्षम लोगों को जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आना चाहिए।”
समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता चंचल यादव ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं और जरूरतमंद परिवारों को नई उम्मीद प्रदान करते हैं। वहीं परसमनपुर निवासी राकेश चतुर्वेदी ने भी इसे प्रेरणादायक एवं सराहनीय कदम बताया।
