गाजीपुर
वादे हवा-हवाई: तरांव-बुढ़ाडीह संपर्क मार्ग बदहाल, जान जोखिम में डालकर सफर को मजबूर ग्रामीण
गड्ढों में तब्दील हुई सड़क, हर दिन हादसे का खतरा
मरम्मत नहीं हुई तो आंदोलन और चुनाव बहिष्कार की चेतावनी
भांवरकोल (गाजीपुर)। भांवरकोल ब्लॉक क्षेत्र में सड़कों की बदहाली ग्रामीणों के लिए बड़ी समस्या बनती जा रही है। शासन-प्रशासन द्वारा गड्ढामुक्त सड़कों के दावों के बीच ग्राम सभा तरांव से बुढ़ाडीह को जोड़ने वाला बीरपुर संपर्क मार्ग पूरी तरह जर्जर हो चुका है। सड़क पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढे और उखड़ी गिट्टियां राहगीरों के लिए खतरे का कारण बनी हुई हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह मार्ग क्षेत्र का महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है, जिससे प्रतिदिन सैकड़ों ग्रामीणों का आवागमन होता है। लेकिन सड़क की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि दोपहिया वाहन चालकों का चलना मुश्किल हो गया है। आए दिन लोग फिसलकर घायल हो रहे हैं। बुजुर्गों, महिलाओं और स्कूली बच्चों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बारिश में बन जाती है तालाब जैसी स्थिति
ग्रामीणों के अनुसार हल्की बारिश होते ही सड़क पर जलभराव हो जाता है और पूरा मार्ग तालाब जैसा दिखाई देने लगता है। ऐसे में पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। वहीं आपातकालीन परिस्थितियों में एम्बुलेंस और अन्य वाहनों के गांव तक पहुंचने में भी काफी समय लग जाता है, जिससे मरीजों को समय पर इलाज नहीं मिल पाता।
जनप्रतिनिधियों पर वादाखिलाफी का आरोप
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि चुनाव के समय सड़क निर्माण और विकास के बड़े-बड़े वादे किए गए थे, लेकिन चुनाव खत्म होते ही जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र की समस्याओं से मुंह मोड़ लिया। कई बार शिकायत और मांग के बावजूद सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई, जिससे लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
उग्र आंदोलन की चेतावनी
ग्रामीणों का कहना है कि तरांव-बीरपुर-बुढ़ाडीह मार्ग की बदहाली क्षेत्र के विकास की वास्तविक तस्वीर पेश कर रही है। यदि जल्द ही सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो ग्रामीण आंदोलन करने और आगामी चुनावों के बहिष्कार तक का निर्णय लेने को मजबूर होंगे।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से तत्काल सड़क की मरम्मत कराकर क्षेत्रवासियों को राहत दिलाने की मांग की है।
