गाजीपुर
हाजीपुर-भाला खुर्द मार्ग गड्ढों में तब्दील, ग्रामीणों में बढ़ा आक्रोश
बरसात से पहले सड़क की मरम्मत नहीं हुई तो होगा उग्र आंदोलन : नवीन चौहान
लोक निर्माण विभाग पर अनदेखी का आरोप, दर्जनों गांवों के लोगों को हो रही परेशानी
बहरियाबाद (गाजीपुर)। हाजीपुर बाजार से भाला खुर्द, सरसौली वाया टंडवा भवानी सिद्ध पीठ होते हुए खरिहानी तक जाने वाला मुख्य सड़क मार्ग बदहाल स्थिति में पहुंच गया है। जगह-जगह बने गहरे गड्ढों के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क की दुर्दशा को लेकर क्षेत्रीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
समाजसेवी नवीन चौहान ने बताया कि इस सड़क मार्ग की मरम्मत को लेकर करीब दो माह पूर्व लोक निर्माण विभाग, गाजीपुर में शिकायत दर्ज कराई गई थी। इसके बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि विभागीय अधिकारियों और संबंधित जेई को भी कई बार अवगत कराया गया, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है।
दर्जनों गांवों के लोगों की लाइफलाइन है यह सड़क
हाजीपुर बाजार से भाला खुर्द और सरसौली को जोड़ने वाला यह मार्ग दर्जनों गांवों के लोगों के आवागमन का प्रमुख साधन है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे होने से आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। राहगीरों, बाइक सवारों और तिपहिया वाहन चालकों को विशेष रूप से कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि कई बार वाहन अनियंत्रित होकर पलट जाते हैं, जिससे लोगों को गंभीर चोटें आती हैं। क्षेत्र में कई विद्यालय होने के कारण छात्र-छात्राओं को भी इसी मार्ग से होकर गुजरना पड़ता है, जिससे उनकी परेशानी और बढ़ गई है।
बरसात में और विकराल हो जाती है समस्या
स्थानीय लोगों के अनुसार बरसात के दिनों में सड़क के गड्ढों में पानी भर जाता है और करीब 500 मीटर तक सड़क जलमग्न हो जाती है। जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण लोगों को पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। कई बार लोगों को मजबूरी में दूर-दराज के कच्चे और पगडंडी मार्गों का सहारा लेना पड़ता है।
अधूरी नाली निर्माण पर भी उठे सवाल
नवीन चौहान ने आरोप लगाया कि हाजीपुर बाजार में जल निकासी के लिए करीब दो वर्ष पूर्व जिला पंचायत की ओर से नाली निर्माण कराया गया था, लेकिन कार्य अधूरा छोड़ दिया गया। उन्होंने कहा कि नाली सड़क स्तर से लगभग दो फीट ऊंची बना दी गई है, जिसके कारण सड़क का पानी नाली में नहीं जा पाता और सड़क पर ही जमा रहता है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि बरसात से पहले सड़क की मरम्मत और जल निकासी की व्यवस्था नहीं की गई तो क्षेत्रीय लोग उग्र धरना-प्रदर्शन और आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।
ग्रामीणों ने जल्द कार्रवाई की मांग की
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की बदहाल स्थिति और जलभराव के कारण दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना हुआ है। लोगों ने लोक निर्माण विभाग और जिला प्रशासन से शीघ्र मरम्मत कार्य शुरू कराने तथा जल निकासी की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। फिलहाल सड़क की दुर्दशा को लेकर क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है।
