Connect with us

वाराणसी

डेढ़ माह से सीवर जाम, सड़क बनी तालाब

Published

on

Loading...
Loading...

लंका क्षेत्र में जलभराव से लोगों का जनजीवन प्रभावित, दुर्गंध और बीमारी का बढ़ा खतरा

शिकायतों के बावजूद नहीं हुई कार्रवाई, स्थानीय नागरिकों में नाराजगी

वाराणसी। लंका थाना क्षेत्र के शुभम सद्भावना कॉलोनी से सुमंतिश होते हुए अहिल्याबाई मार्ग तक जाने वाली सड़क पिछले करीब डेढ़ माह से सीवर जाम की समस्या से जूझ रही है। सीवर का गंदा पानी लगातार सड़क पर बहने और जमा होने से पूरा मार्ग तालाब का रूप ले चुका है, जिससे स्थानीय लोगों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय निवासियों के अनुसार सीवर लाइन का चेंबर लंबे समय से जाम पड़ा हुआ है। इसके चलते गंदा पानी ओवरफ्लो होकर सड़क पर फैल रहा है। लगातार जलभराव के कारण न केवल आवागमन बाधित हो रहा है, बल्कि क्षेत्र में दुर्गंध और गंदगी से संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका भी बढ़ गई है।

Advertisement

स्कूल जाने वाले बच्चों और राहगीरों को हो रही परेशानी

क्षेत्रवासियों का कहना है कि इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे, नौकरीपेशा लोग और स्थानीय निवासी गुजरते हैं। जलभराव के कारण लोगों को गंदे पानी से होकर आवागमन करना पड़ रहा है। वहीं दोपहिया वाहन चालकों को फिसलन के कारण दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।

कई बार शिकायत, फिर भी नहीं मिला समाधान

स्थानीय लोगों ने बताया कि समस्या की शिकायत कई बार नगर निगम और संबंधित विभागीय अधिकारियों से की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है। नतीजतन स्थिति लगातार गंभीर होती जा रही है और लोगों में प्रशासन के प्रति नाराजगी बढ़ रही है।

स्थायी समाधान की मांग

Advertisement

क्षेत्रवासियों ने प्रशासन और नगर निगम से मांग की है कि सीवर चेंबर की तत्काल सफाई कराई जाए तथा समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए। लोगों का कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो बरसात के मौसम में स्थिति और अधिक गंभीर हो सकती है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page