गोरखपुर
जंगल सरया बेलवरिया में खूनी संघर्ष: दो पक्षों के 17 लोगों पर मुकदमा दर्ज
मारपीट, गाली-गलौज और हमला करने के आरोप; दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ दर्ज कराई एफआईआर
गोलाबाजार (गोरखपुर)। गोला थाना क्षेत्र के जंगल सरया बेलवरिया (जपती) गांव में आपसी विवाद को लेकर हुए मारपीट के मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर कुल 17 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।
पहले पक्ष ने आठ लोगों पर लगाया हमला करने का आरोप
प्राप्त जानकारी के अनुसार देवेन्द्र शर्मा ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 6 जून की सुबह करीब 10:30 बजे वह अपने परिवार के साथ घर की छत पर मौजूद थे। इसी दौरान गांव के सीताराम यादव ने गाली-गलौज शुरू कर दी।
विरोध करने पर सीताराम यादव सहित केशभान यादव, चन्द्रकेश यादव, हरिकेश यादव, बालेन्द्र यादव, आजाद यादव, अजय यादव और आदित्य यादव लाठी-डंडा तथा फावड़ा लेकर उनके घर पहुंच गए और मारपीट करने लगे। घटना में उन्हें और उनके परिवार के अन्य लोगों को चोटें आईं।
इस तहरीर के आधार पर पुलिस ने आठ लोगों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
दूसरे पक्ष ने भी नौ लोगों पर दर्ज कराया मुकदमा
वहीं दूसरे पक्ष के सीताराम यादव ने आरोप लगाया कि उसी दिन शाम करीब 7:30 बजे सूर्यनारायण यादव, बेचन यादव, रामलखन शर्मा, महेश शर्मा, शारदा, बिन्दा देवी, देवेन्द्र शर्मा, दिनेश शर्मा और विवेक शर्मा ने लाठी-डंडों, ईंट और पत्थरों से हमला कर दिया।
उन्होंने आरोप लगाया कि बीच-बचाव करने पहुंची उनकी पत्नी संगीता देवी और पुत्र बालेन्द्र यादव के साथ भी मारपीट की गई। तहरीर में घर में घुसकर हमला करने और छत पर चढ़कर ईंट-पत्थर चलाने का आरोप भी लगाया गया है।
पुलिस ने इस मामले में नौ लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस कर रही है मामले की जांच
सी.पी. पांडेय ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
गांव में बनी हुई है तनावपूर्ण स्थिति
घटना के बाद गांव में चर्चा का माहौल है। पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और कानून को अपने हाथ में न लेने की अपील की है।
